नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार रात से अगले आदेश तक 57 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर डीएमआरसी को लेटर लिखा था, जिसके बाद डीएमआरसी ने स्टेशन बंद रखने की सूचना जारी की है। कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी की है। पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार तक 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का अनुरोध किया था। पुलिस ने आशंका जताई कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ संवेदनशील स्थानों की ओर बढ़ सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा है। पत्र में पुलिस के संयुक्त आयुक्त ट्रांसपोर्ट रेंज रजनीश गुप्ता ने इन स्टेशनों को बंद रखने का अनुरोध किया। गुरुवार को लिखे गए पत्र के मुताबिक 10 अक्टूबर को स्थिति के अनुसार इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी भी कम की जा सकती है। यह प्रस्ताव जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को देखते हुए दिया गया है।
57 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
दिल्ली पुलिस ने जिन 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का अनुरोध किया है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, आईएनए, हौज खास, आजादपुर, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, शाहीन बाग, वेलकम और रोहिणी वेस्ट समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं।