Saturday,07 November 2026,09:56 PM
बड़ी खबर
निगमायुक्त ने दक्षिणी क्षेत्र के प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण किया
प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय मजबूत करने और उपायों में तेजी लाने के दिए निर्देश
By Viraat Vaibhav | Publish Date: 10/10/2026 8:50:44 PM
निगमायुक्त ने दक्षिणी क्षेत्र के प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण किया

प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय मजबूत करने और उपायों में तेजी लाने के दिए निर्देश

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार ने दिल्ली सरकार के शहरी विकास विभाग के सचिव विवेक पांडे के साथ आज दक्षिणी क्षेत्र में प्रदूषण हॉटस्पॉट और निर्माण स्थलों का विस्तृत संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रदूषण हॉटस्पॉट के आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण की मौजूदा स्थिति का आकलन किया तथा सर्दियों के मौसम से पहले प्रदूषण नियंत्रण के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। इस निरीक्षण के दौरान दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त शाश्वत सौरभ सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें दिल्ली प्रशासन नई दिल्ली नगरपालिका परिषद दिल्ली विकास प्राधिकरण दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति दिल्ली जल बोर्ड दिल्ली यातायात पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आरके पुरम और आईआईटी क्षेत्र के विभिन्न प्रदूषण हॉटस्पॉट का दौरा किया तथा वायु प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण के लिए जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। अधिकारियों ने सरोजिनी नगर और रिंग रोड स्थित निर्माण स्थलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण स्थलों और उनके आसपास धूल एवं प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे उपायों की विस्तार से समीक्षा की गई। प्रदूषण नियंत्रण के लिए हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तैनात एंटी-स्मॉग गन स्प्रिंकलर और एमआरएसएम मशीनों की कार्यप्रणाली तथा उनके उपयोग का भी आकलन किया गया। एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने संबंधित विभागों और निर्माण स्थलों के अधिकारियों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ धूल नियंत्रण के उपायों को मजबूत करने तथा संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली निर्माण एजेंसियों और बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के उपरांत एमसीडी के दक्षिण क्षेत्र कार्यालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त शाश्वत सौरभ ने शहरी विकास सचिव को क्षेत्र के प्रदूषण हॉटस्पॉट की मौजूदा स्थिति प्रदूषण के चिह्नित स्रोतों तथा उसे बढ़ाने वाले कारकों की जानकारी दी। उन्होंने वायु प्रदूषण को प्रभावी रूप से नियंत्रित करने के लिए अब तक किए गए सुधारात्मक उपायों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया। बैठक में शहरी विकास सचिव  विवेक पांडे ने विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने निरंतर निगरानी रखने तथा प्रदूषण हॉटस्पॉट पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

संयुक्त निरीक्षण दल ने आईआईटी क्षेत्र का दौरा किया

संयुक्त निरीक्षण दल ने आईआईटी दिल्ली स्थित प्रदूषण हॉटस्पॉट और उसके समीप स्थित पेट्रोल पंप के आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को सर्दियों के मौसम से पहले सडक़ों, फुटपाथों, हरित पट्टियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन एवं व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS