शहर
बीआईएस अधिकारियों ने छापेमारी कर जब्द की नकली केबल
बीआईएस अधिकारियों ने दिल्ली में बिना वैध बीआईएस लाइसेंस के केबल निर्माण करने वाली इकाई पर की छापेमारी
By Viraat Vaibhav | Publish Date: 11/10/2026 9:14:40 PM
बीआईएस अधिकारियों ने दिल्ली में बिना वैध बीआईएस लाइसेंस के केबल निर्माण करने वाली इकाई पर की छापेमारी
नई दिल्ली। भारतीय मानक ब्यूरो दिल्ली शाखा कार्यालय के अधिकारियों की एक टीम ने बीआईएस अधिनियम 2016 के संभावित उल्लंघन के संबंध में प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर को मेमर्स चिराग केबल इंडस्ट्रीज में प्रवर्तन संबंधी तलाशी एवं जब्ती अभियान चलाया।इस अभियान में तनीष्क अवस्थी, वैज्ञानिक-सी/उप निदेशक अरुण कुमार प्रसाद, वैज्ञानिक बी/सहायक निदेशक तथा अन्य अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की टीम शामिल थी। बीआईएस अधिनियम 2016 की धारा 28 के प्रावधानों के अंतर्गत की गई तलाशी के दौरान उक्त इकाई को बिना वैध बीआईएस लाइसेंस के केबल का निर्माण करते हुए पाया गया। तलाशी एवं जब्ती अभियान मेमर्स चिराग केबल इंडस्ट्रीज ब्लॉक 672 डीएसआईआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र नरेला नई दिल्ली 110040 में चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान बीआईएस अधिकारियों ने कथित रूप से बिना वैध बीआईएस प्रमाणन के निर्मित तथा नकली बीआईएस मार्क अंकित 27,000 मीटर से अधिक केबल जब्त की। वी. रमेश, निदेशक एवं प्रमुख दिल्ली शाखा कार्यालय ने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा संबंधित इकाई के विरुद्ध बीआईएस अधिनियम 2016 के प्रावधानों के अंतर्गत उचित कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने बताया कि बीआईएस अधिनियमए 2016 की धारा 29 के अनुसार प्रथम उल्लंघन के लिए अपराध सिद्ध होने पर दो वर्ष तक के कारावास अथवा कम से कम 2,00,000 के जुर्माने का प्रावधान है। यह जुर्माना संबंधित वस्तुओं के मूल्य के दस गुना तक बढ़ाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कारावास और जुर्माना दोनों का प्रावधान भी है। यह दंड उन वस्तुओं के संबंध में लागू हो सकता है जिनका निर्माण,विक्रय,विक्रय हेतु प्रस्ताव या मानक चिह्न के साथ अंकन किया गया हो। उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन के अंतर्गत आने वाले उत्पादों को खरीदने से पहले उन पर अंकित बीआईएस मार्क की प्रामाणिकता तथा संबंधित बीआईएस लाइसेंस के विवरण की पुष्टि अवश्य करें। उपभोक्ता उत्पाद खरीदते समय बीआईएस मार्क और बीआईएस लाइसेंस की प्रामाणिकता एवं वैधता की जांच करने तथा मानक चिह्न के संदिग्ध दुरुपयोग की शिकायत दर्ज कराने के लिए बीआईएस केयर ऐप का उपयोग करें।
बीआईएस अधिनियम 2016 के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें
निर्माताओं एवं आपूर्तिकर्ताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे बीआईएस अधिनियम 2016 के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। बीआईएस मार्क का दुरुपयोग समाप्त हो चुके लाइसेंस का उपयोग अथवा बीआईएस प्रमाणन के संबंध में भ्रामक जानकारी देना न केवल उपभोक्ता सुरक्षा को प्रभावित करता हैए बल्कि कानून के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई का कारण भी बन सकता है। भारतीय मानक ब्यूरो ऐसे उल्लंघनों की निरंतर निगरानी करता है तथा आम जनता से सतर्क रहने और संदिग्ध उत्पादों अथवा बीआईएस मार्क के दुरुपयोग की सूचना निकटतम बीआईएस कार्यालय या बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से देने का आग्रह करता है।