ताजा खबरें
एमसीडी जोन कमेटी चुनाव: रोहिणी में आप का कब्जा, शाहदरा नॉर्थ में भाजपा की जीत
By Virat baibhav | Publish Date: 15/7/2026 8:25:34 PM
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की 12 जोन कमेटियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्टैंडिंग कमेटी के छह रिक्त सदस्य पदों के लिए मंगलवार को मतदान शुरू हो गया। निगम मुख्यालय में हो रहे इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। चुनाव के नतीजे एमसीडी की राजनीति और स्टैंडिंग कमेटी के गठन के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने 11 जोनों में उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि करोल बाग जोन में पार्टी ने प्रत्याशी नहीं दिया। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी 11 जोनों में उम्मीदवार घोषित किए हैं लेकिन केशवपुरम जोन में प्रत्याशी नहीं उतारा है। एमसीडी के वार्ड समिति चुनाव में करोल बाग जोन से आम आदमी पार्टी ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद पर अलका दिंगरा, उपाध्यक्ष पद पर कविता चौहान और स्थायी समिति सदस्य के रूप में राजन अरोड़ा निर्विरोध निर्वाचित हुए। आम आदमी पार्टी ने इसे संगठन की एकजुटता और जोन में पार्टी के मजबूत जनाधार का परिणाम बताया। पार्टी नेताओं ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। दिल्ली नगर निगम के वार्ड समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शाहदरा नॉर्थ जोन में जीत दर्ज की है। झिलमिल वार्ड से निगम पार्षद पंकज लूथरा वार्ड समिति के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं, जबकि सभापुर वार्ड से पार्षद बृजेश सिंह उपाध्यक्ष डिप्टी चेयरमैन चुने गए हैं, दोनों नेताओं की जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नवनिर्वाचित चेयरमैन पंकज लूथरा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि शाहदरा नॉर्थ जोन में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनानाए कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था मजबूत करना तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं डिप्टी चेयरमैन बृजेश सिंह ने भी भाजपा नेतृत्व और सभी पार्षदों का धन्यवाद व्यक्त किया। दिल्ली नगर निगम के वार्ड समिति चुनाव के नतीजे लगातार सामने आ रहे हैं, अलग-अलग जोनों में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। रोहिणी जोन में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए पुष्पा सोलंकी को वार्ड समिति का अध्यक्ष निर्वाचित कराया है। इस जीत को रोहिणी जोन में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है वही उपाध्यक्ष के तौर पर रमेश चंद नें जीत दर्ज की है। दिल्ली नगर निगम के वार्ड समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शाहदरा साउथ जोन में शानदार जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष उपाध्यक्ष और स्थायी समिति सदस्य के पदों पर कब्जा कर लिया। भाजपा के यशपाल सिंह वार्ड समिति के चेयरमैन, राजू सचदेवा डिप्टी चेयरमैन तथा मुनेश डेढ़ा स्थायी समिति की सदस्य निर्वाचित हुईं। शाहदरा साउथ जोन में भाजपा की इस जीत को एमसीडी की राजनीति में बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस जीत के साथ पार्टी ने वार्ड समिति चुनाव में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है, अब सभी की निगाहें अन्य जोनों के नतीजों पर हैं, जिनके बाद एमसीडी की स्थायी समिति का पूरा राजनीतिक समीकरण स्पष्ट होगा।