ताजा खबरें
देश शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित कर रहा है नवाचार और आधुनिकता के नए आयाम : रेखा गुप्ता
By Virat baibhav | Publish Date: 16/7/2026 8:02:04 PM
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज के डायमंड जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्रों, शिक्षकों और पूर्व विद्यार्थियों से संवाद किया। समारोह के दौरान कॉलेज की 60 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को दर्शाता एक ‘वर्चुअल टूर’ प्रस्तुत किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने साल भर चलने वाले डायमंड जुबली कार्यक्रमों के कैलेंडर और कॉलेज के डिजिटल आर्काइव्स के क्यूआर कोड का अनावरण भी किया। इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री सहित शिक्षाजगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह कॉलेज को स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह महाविद्यालय पिछले छह दशकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का विकास कर रहा है। किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी युवा शक्ति और शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है। शहीद भगत सिंह कॉलेज जैसे संस्थान देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाते हुए आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। दिल्ली सरकार भी इसी दृष्टिकोण के अनुरूप राजधानी के विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित कर रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में 16 अगस्त को ‘अटल कैंटीन’ का उद्घाटन किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को मात्र पांच रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के लिए जल्द ही 50 नए ‘यू-स्पेशल’ बस रूट भी शुरू किए जाएंगे। दिल्ली को एक वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार बेहतर शैक्षणिक आधारभूत संरचना और छात्रावास सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के प्रस्तावित नए परिसर में दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भी छात्रावास विकसित करने की योजना है। रेखा गुप्ता ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक महाविद्यालय को अपने आसपास की बस्तियों से जुडक़र वहां के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा पीढ़ी के सपनों, ऊर्जा और नवाचार से ही विकसित भारत और विकसित दिल्ली के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन ने मुख्यमंत्री के समक्ष छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। कॉलेज प्रशासन ने अनुरोध किया कि शहीद भगत सिंह इवनिंग कॉलेज को किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराई जाए, जिससे वर्तमान परिसर में छात्राओं के लिए छात्रावास का निर्माण किया जा सके। कॉलेज ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्राएं दिल्ली और आसपास के राज्यों से शिक्षा प्राप्त करने आती हैं और छात्रावास की अनुपलब्धता उनकी सुरक्षा और उच्च शिक्षा की निरंतरता के लिए चुनौती बनती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा और महिला सशक्तीकरण एक-दूसरे के पूरक हैं और सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।