दिल्ली
एनडीएमसी अधिकारियों जनता से जुडी समस्याओं को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए
By Virat baibhav | Publish Date: 7/6/2026 6:59:02 PM
नई दिल्ली। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को सेंट्रल गवर्नमेंट आरडब्ल्यूए नॉर्थ वेस्ट मोती बाग आरडब्ल्यूए द्वारा कम्युनिटी सेंटर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव एमएस हक सदस्य,रथीश एम के व नॉर्थ वेस्ट मोती बाग के अध्यक्ष आरएन प्रसाद, सचिव मधुलिका एवं सदस्य सौरव अग्रवाल ने भी भाग लिया। इस अवसर पर एनडीएमसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण,कृतज्ञता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश दिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम से पूर्व कुलजीत सिंह चहल ने स्थानीय निवासियों एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी नागरिक सुविधाओं एवं विकास संबंधी समस्याओं को सुना। इस दौरान वृक्षों की छंटाई, बिजली के खंभों की स्थापना एवं रखरखाव, सामुदायिक भवन में वातानुकूलन, एसी, की व्यवस्था, पार्कों का रखरखाव, बैडमिंटन कोर्ट की मांग तथा सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। इन विषयों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए चहल ने संबंधित एनडीएमसी विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा यथासंभव एक माह के भीतर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए चहल ने कहा यह केवल एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं बल्कि पर्यावरण जागरूकता का जन-आंदोलन है। अपनी माताओं के नाम पर एक पौधा लगाकर हम न केवल उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ और हरित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वर्षभर प्रत्येक रविवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्यान, स्वास्थ्य, सिविल इंजीनियरिंग, सडक़, जलापूर्ति, जल निकासी तथा विद्युत विभाग आपसी समन्वय से पौधों की उचित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित कर रहे हैं। चहल ने नागरिकों से अपील किया की वे लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं निभाएं और इस पर्यावरणीय अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाएं। इस अवसर पर चहल ने निवासियों एवं आरडब्ल्यूए से गर्मी के मौसम को देखते हुए पक्षियों के लिए उपयुक्त स्थानों पर मिट्टी के जलपात्र रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी से प्रभावित पक्षियों एवं अन्य जीवों के लिए पानी और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु नागरिक विशेष प्रयास करें।