Thursday,13 August 2026,05:51 AM
ब्रेकिंग न्यूज़
एक-एक सवाल का दूंगा जवाब, विपक्ष तय करे चर्चा करनी है या हंगामा : गृह मंत्री अमित शाहहमें अमित शाह का बयान सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं, छात्रों के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए : राहुल गांधीसंसद में गतिरोध पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का कांग्रेस और विपक्षी दलों पर हमला, चिराग पासवान ने भी की आलोचनाभाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे की संभावना तेजडिजिलॉकर के 72.43 करोड़ रजिस्टर्ड यूजर्स, उमंग प्लेटफॉर्म पर 11.66 करोड़ उपयोगकर्ता; डिजिटल सेवाओं का तेजी से बढ़ा दायरामुंबई में रिहायशी इलाके में भूस्खलन से 7 लोगों की मौत, सीएम फडणवीस ने दुख जतायासुप्रीम कोर्ट में शिवसेना नाम-निशान विवाद पर सुनवाई, कपिल सिब्बल ने ईसीआई के अधिकार क्षेत्र पर उठाए सवाल'शॉर्टकट विल कट यू शॉर्ट', प्रधानमंत्री मोदी का संदेश- 'शॉर्टकट के रास्ते से निकलें बाहर नौजवान'
मनोरंजन
'हिरण को बहुत नजदीक से गोली मारी गई थी', 'काला हिरण- द बैटल फॉर लेगेसी' का टीजर रिलीज
By Virat baibhav | Publish Date: 17/7/2026 3:20:29 PM
'हिरण को बहुत नजदीक से गोली मारी गई थी', 'काला हिरण- द बैटल फॉर लेगेसी' का टीजर रिलीज

मुंबई। विवादों के बीच फिल्म 'काला हिरण- द बैटल फॉर लेगेसी' का टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें शुरुआत से लेकर आखिर तक कोर्टरूम ड्रामा देखने को मिलता है। करीब 1 मिनट 56 सेकंड के इस टीजर में शिकार मामले, गवाहों के बयान, पुलिस जांच और अदालत में चल रही बहस को दिखाया गया है। बता दें कि फिल्म में अभिनेता काशिफ इकबाल खान ने अयान खान का किरदार निभाया है, जिसे बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से प्रेरित बताया जा रहा है। फिल्म को लेकर आरोप है कि यह सलमान खान से जुड़े साल 1998 के काला हिरण शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई विवाद पर आधारित है, लेकिन मेकर्स ने साफ तौर पर इससे इंकार किया है। टीजर की शुरुआत अभिनेता गोविंद नामदेव की आवाज से होती है, जो फिल्म में बिश्नोई समाज के वकील के किरदार में नजर आ रहे हैं। कोर्ट में सुनवाई के दौरान वह एक गवाह को पेश करते हैं और उससे पूछते है- 'उस दिन आपने क्या देखा, बिना डर के अदालत को बताइए।' गवाह अदालत में बयान देते हुए कहता है- 'रात के करीब 11 बज रहे थे, तभी एक के बाद एक दो गोलियों के चलने की आवाज सुनाई दी। हम समझ गए कि कोई हिरण का शिकार कर रहा है।' टीजर में एक अन्य गवाह भी नजर आता है, जो कहता है कि यह सिर्फ हिरण पर गोली चलाने की बात नहीं थी, बल्कि उनके गुरु जमेश्वर के बताए सिद्धांतों पर हमला था। इसके दौरान जंगल की रात, जिप्सी में शिकार के लिए जाते किरदार, गोली चलने और गांव वालों के विरोध जैसे कई सीन्स दिखाए गए हैं। जैसे-जैसे टीजर आगे बढ़ता है, कहानी में सस्पेंस बढ़ता हुआ दिखाई देता है। कोर्ट में गोविंद नामदेव का किरदार पुलिस अधिकारियों से सवाल करता नजर आता है। वह एक पुलिस अधिकारी से पूछता है कि क्या किसी सुपरस्टार को बचाने के लिए ऊपर से दबाव बनाया गया था। इसके अलावा एक स्थानीय व्यक्ति कोर्ट में दावा करता है कि उसे धमकी दी गई थी कि अगर उसने अयान खान के खिलाफ गवाही दी तो उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा। टीजर में आगे दिखाया जाता है कि अयान खान पर गवाहों को डराने, ड्राइवर को गायब करने और डॉक्टरों को खरीदने जैसे आरोप लगाए जाते हैं। एक चश्मदीद गवाह कोर्ट में कहता है कि हिरण को बहुत करीब से गोली मारी गई थी। इन आरोपों से अयान खान परेशान नजर आता है और अपने वकील से मामले को संभालने के लिए कहता है। टीजर के आखिर में काशिफ इकबाल खान का एक डायलॉग भी सुनाई देता है, जिसमें वह कहते हैं, " जितने रुपयों में मेरी एक फिल्म बनती है, उतने में मैं ऐसे एक हजार ड्राइवर खरीदकर उनके बयान को कोर्ट में बदल सकता हूं।" बता दें कि फिल्म के फर्स्ट लुक में अयान खान का लुक सलमान खान से मिलता-जुलता नजर आया था। उसे सलमान की तरह ब्रेसलेट पहने हुए भी दिखाया गया है। आरोप है कि फिल्म के मेकर्स ने विवाद से बचने के लिए किरदारों के नाम बदल दिए हैं। फिल्म में सलमान खान से प्रेरित किरदार का नाम अयान खान रखा गया है, जबकि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार को लॉयन बिश्नोई नाम दिया गया है। सलमान खान से जुड़े काला हिरण शिकार का मामला साल 1998 में सामने आया था, जब वह राजस्थान के जोधपुर में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग कर रहे थे। आरोप था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान 27-28 सितंबर 1998 की रात कांकाणी गांव के पास काले हिरण का शिकार किया गया था। इस मामले में सलमान खान के अलावा अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम के नाम भी सामने आए थे। सलमान के खिलाफ कुल चार मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें दो चिंकारा शिकार मामले, एक कांकाणी काला हिरण शिकार मामला और एक आर्म्स एक्ट मामला शामिल था। काला हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समाज की शिकायत के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। साल 2006 में चिंकारा शिकार मामलों में सलमान को सजा सुनाई गई थी। बाद में आर्म्स एक्ट मामले में उन्हें राहत मिली। वहीं, 5 अप्रैल 2018 को काला हिरण शिकार मामले में जोधपुर की अदालत ने सलमान खान को दोषी करार देते हुए पांच साल की जेल और जुर्माने की सजा सुनाई थी। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। इस पूरे मामले के साथ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी जुड़ा, जिसने कई बार सलमान खान को धमकियां दी। बिश्नोई समाज काले हिरण को अपनी धार्मिक आस्था मानता है और इसी वजह से यह विवाद लंबे समय से चर्चा में रहा है। फिल्म 'काला हिरण- द बैटल फॉर लेगेसी' का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया है, जबकि इसे अमित जानी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में काशिफ इकबाल खान के अलावा मुकेश तिवारी, गोविंद नामदेव, कमलेश सावंत और नरेश गोसाईं जैसे कलाकार नजर आएंगे।

COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS