हिमाचल प्रदेश
दो दिन में जिला परिषद चुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई, तो उच्च न्यायालय जाएंगे : जयराम ठाकुर
By Virat baibhav | Publish Date: 8/8/2026 4:06:04 PM
शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर प्रदेश सरकार को दो दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन के भीतर चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई तो भाजपा के निर्वाचित जिला परिषद सदस्य उच्च न्यायालय का रुख करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो इसके बाद उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने शनिवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस सरकार पर पंचायती राज संस्थाओं के कामकाज में देरी करने और प्रशासन का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों के परिणामों से जनता का रुझान स्पष्ट हो गया है, इसके बावजूद सरकार जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव कराने में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल 22 जनवरी 2026 को समाप्त हो गया था। उनके अनुसार समय पर परिसीमन और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर चुनाव कराए जाने चाहिए थे। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले आपदा का हवाला देकर डिजास्टर एक्ट के माध्यम से चुनाव टालने की कोशिश की। भाजपा के न्यायालय जाने के बाद हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने चुनाव कराने का आदेश दिया। इसके बाद सरकार सर्वोच्च न्यायालय गई, जहां से भी निर्धारित समय में चुनाव कराने के निर्देश मिले। इसके बाद चुनाव कराए गए।