शहर
दिल्ली के सभी जिलों में इंस्टॉल किए गए सायरन
By Virat baibhav | Publish Date: 9/5/2025 7:53:48 PM
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच में जारी तनाव को देखते हुए शुक्रवार को दिल्ली के सभी जिलों में निर्धारित स्थान पर सायरन को इंस्टॉल किया गया है। इसमें नई दिल्ली इलाके में एनडीएमसी मुख्यालय की ऊपर सायरन लगाया गया है। वहीं सेंट्रल दिल्ली में आईटीओ चौराहे पर स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय की छत पर तेज आवाज करने वाला सायरन लगाया गया है। नागरिक सुरक्षा निदेशालय ने पीडब्ल्यूडी मुख्यालय, आईटीओ में सायरन का परीक्षण किया। इस दौरान दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश वर्मा भी मौजूद रहे। परवेश वर्मा ने कहा कि आज से दिल्ली में सायरन लगाने का काम शुरू हुआ है। दिल्ली में जितनी भी ऊंची बिल्डिंग हैं उस पर सायरन लगाए जाएंगे। इसकी रेंज 8 किलोमीटर के रेडियस की है। दिल्ली में आज रात से ही 40-50 और सायरन ऊंची बिल्डिंग में लगाए जाएंगे। किसी भी आपातकाल की स्थिति में हम इसे चलाएंगे। एक ही कमांड सेंटर से हम इसे चला सकते हैं। बता दें कि आपात स्थिति में सायरन लोहान को अलर्ट जारी करने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। यह एक ऐसा उपकरण है, जो विशेष प्रकार का साउंड निकालता है। आपदा प्रबंधन के अधिकारियों के अनुसार, यह एक हाई साउंड वाला सिस्टम है, जो करीब 100 डेसीबल की आवाज निकालता है। इससे तीन तरह की तेज आवाज निकलती है। करीब 500 मीटर से लेकर एक किमी तक उसकी आवाज जाती है। इमरजेंसी की स्थिति में यह एक पावर फुल सायरन के तौर पर काम करता है।
दिल्ली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट
भारत-पाकिस्तान युद्ध की आशंका को लेकर दिल्ली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। नई दिल्ली की सुरक्षा को लेकर खासतौर पर पुलिस तैयारी कर रही है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा उपकरणों का आधुनिकीकरण भी किया है। दिल्ली पुलिस नई दिल्ली इलाके के सुरक्षा को लेकर लॉन्ग रेंज एकॉस्टिक डिवाइस सिस्टम तैनात किया है। इसका मुख्य मकसद नई दिल्ली इलाके में भीड़भाड़ के दौरान भीड़ को हटाने के लिए साउंड का इस्तेमाल करना है।