शहर
यात्रियों से दुर्व्यवहार करने वाले डीटीसी कर्मचारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
By Virat baibhav | Publish Date: 9/6/2026 7:38:46 PM
नई दिल्ली। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजन यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा पर विशेष जोर देते हुए मंगलवार को दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के क्षेत्रीय प्रबंधकों (आरएम) के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राजधानी में बसों के रोजाना के संचालन और यात्री सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान परिवहन मंत्री ने साफ निर्देश दिए कि सभी बसें अपने निर्धारित बस स्टॉप पर अनिवार्य रूप से रुकें और यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम तरीके से बसों में चढऩे और उतरने की सुविधा सुनिश्चित करें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी हालात में किसी यात्री को कोई असुविधा न हो। विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। मंत्री ने डीटीसी के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सभी ड्राइवरों और कंडक्टरों का यात्रा के दौरान यात्रियों के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार को सुनिश्चित करें। उन्होंने आगे कहा कि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के साथ किसी प्रकार का दुव्र्यवहार और लापरवाही का कोई भी मामला सामने आने पर बेहद सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। परिवहन मंत्री ने डीटीसी के सभी अधिकारियों को बस शेड्यूल, रूट ऑपरेशन और सर्विस के समय के बारे में डिटेल्ड रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्टों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने के साथ बारीकी से नजर रखेंगे। साथ ही नियमों के अनुपालन की जांच और जमीनी स्तर पर सर्विस क्वालिटी की जांच करने के लिए औचक फील्ड इंस्पेक्शन भी करेंगे।
रूट ऑपरेशन्स की समीक्षा करते हुए परिवहन मंत्री ने बस फ्लीट का बेहतर ढंग से इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए रूट रैशनलाइज़ेशन को सख्ती से लागू करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि एक ही रूट पर कई बसें एक के बाद एक आगे-पीछे नहीं चलें और यात्रियों को बेहतर फ्रीक्वेंसी और कवरेज देने के लिए बसों के बीच उचित अंतराल सुनिश्चित किया जाए। पंकज कुमार सिंह ने यह भी निर्देश दिया कि सभी बसें अपने तय रूट के साथ ही ट्रिप को भी पूरा करें। किसी भी तकनीकी खराबी या ऑपरेशन से जुड़ी समस्या की स्थिति में संबंधित डीटीसी बस डिपो और अधिकारियों को तत्काल सूचित किया जाए, ताकि यात्रियों को कोई परेशानी नहीं हो और तुरंत जरूरी इंतजाम किए जा सकें। बस यात्रियों की सुविधा और जन-स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह रोजाना बसों के परिचालन से पहले सभी बसों की समुचित साफ-सफाई, रखरखाव और सैनिटाइज़ेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारी सरकार राजधानी दिल्ली के सभी नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ, और यात्रियों की जरूरतों पर केंद्रित सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।