ताजा खबरें
निगमायुक्त संजीव खिरवार ने रोहिणी क्षेत्र का निरीक्षण किया
By Virat baibhav | Publish Date: 11/6/2026 8:34:24 PM
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार ने रोहिणी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और स्वच्छता एवं धूल की रोकथाम के लिए निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। आयुक्त ने रोहिणी क्षेत्र में सीएमडी फंड से कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद धर्मबीर शर्मा, रोहिणी क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही, प्रमुख अभियंता, पीसी मीणा एवं निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त संजीव खिरवार ने कंझावला लिंक रोड पर स्थित ढलाव घर का निरीक्षण किया। ढलाव घर के निकट स्थित डीयूएसआईबी की भूमि पर संबंधित विभाग के साथ बातचीत कर एफ सीटी एस स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोहिणी सेक्टर 1 की अवंतिका मार्केट में स्थित ढलाव एवं जन सुविधा परिसर का निरीक्षण किया। आयुक्त ने टॉयलेट में पानी की व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए। संजीव खिरवार ने कहा कि सडक़ों की गहन सफाई करी जाए ताकि सडक़ पर धूल न उठे। उन्होंने रोहिणी सेक्टर 1 एवं रोहिणी सेक्टर 7 एवं प्रशांत विहार में गारबेज वल्नरऐबल पॉइंट्स पर संबंधित विभागों से बात करके एफ सीटीएस स्थापित करने के निर्देश दिए। संजीव खिरवार ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम दिल्ली को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास कर रहा है और नागरिकों के सहयोग से हम इस लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्ड नंबर 53 के रोहिणी सेक्टर 8 में स्थित एकता एनक्लेव में मुख्यमंत्री विकास निधि के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सडक़ निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से कार्य की समय सीमा एवं क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नालियों पर स्लैब डालने से पहले उनकी अच्छी तरह से सफाई की जाए ताकि पानी की निकासी सही ढंग से हो सके।