ताजा खबरें
नेता सदन ने चांदनी चौक का किया निरीक्षण
By Virat baibhav | Publish Date: 11/6/2026 8:35:56 PM
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जयभगवान यादव ने सिटी एसपी जोन के अंतर्गत चांदनी चौक वार्ड-74 क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अतिक्रमण अवैध पार्किंग सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का संज्ञान लेते हुए नेता सदन ने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दिल्ली गेट क्षेत्र में सडक़ों एवं फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए रेहड़ी-पटरी एवं दुकानों के कारण उत्पन्न अतिक्रमण पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित सीमा से बाहर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा क्षेत्र को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ एवं फुटपाथ जनसुविधा के लिए हैं और इन्हें अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग से मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नेता सदन ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने सडक़ों एवं फुटपाथों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा निगम शौचालयों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। जन सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए यादव ने अवैध रूप से स्थापित किए गए चार्जिंग प्वाइंट्स को हटाने फुटपाथों के बीच लगे बोरवेल पाइप हटाने तथा नीचे लटक रहे विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सडक़ किनारे पेड़ों की नियमित छंटाई कराने के भी निर्देश दिए। राम बाजार क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों द्वारा खुले यूरिनल की शिकायत किए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टूटे हुए फुटपाथों की मरम्मत एवं क्षतिग्रस्त टाइलों को बदलने के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक पत्राचार एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान फतेहपुरी क्षेत्र में निगम पार्किंग परिसर एवं उसके आसपास अवैध कब्जों तथा पार्किंग के बाहर खड़े वाहनों की समस्या का भी संज्ञान लिया गया। उन्होंने निगम पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क सूची रेट लिस्ट प्रदर्शित करने तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा। नेता सदन ने अधिकारियों को ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।