ताजा खबरें
श्रमण संघीय अमृत महोत्सव में गूंजा धर्म-जागरण का शंखनाद
By Virat baibhav | Publish Date: 13/7/2026 8:05:54 PM
नई दिल्ली। श्री ऑल इंडिया श्वेताम्बर स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस द्वारा आयोजित श्रमण संघीय अमृत महोत्सव के अंतर्गत जैन भवन नई दिल्ली में धर्म-जागरण शुभारंभ कार्यक्रम आध्यात्मिक एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चतुर्थ पट्टधर श्रमण संघीय आचार्य सम्राट पूज्य डॉ. शिवमुनि महाराज का मंगल आशीर्वाद प्राप्त हुआ, जबकि युवाचार्य प्रवर महेन्द्र ऋ षि महाराज की पावन प्रेरणा आयोजन की प्रेरक शक्ति रही। उपाध्याय प्रवर रविन्द्र मुनि महाराज, उपप्रवर्तक आनंद मुनि महाराज, पंजाब वीरांगना महासती किरण महाराज सहित अनेक संत-साध्वीवृंद की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल जैन ने कहा कि श्रमण संघीय अमृत महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि धर्म, संस्कार, सेवा और सामाजिक जागरण का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने घोषणा की कि पूरे वर्ष देशभर में अमृत का मंथन के माध्यम से धर्म जागरण एवं संगठन सुदृढ़ीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर जैन कॉन्फ्रेंस की वेबसाइट डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया। साथ ही 75000 विशेष मुखवस्त्रिकाओं 7,500 विशेष नोटपैड श्रमण संघीय अमृत महोत्सव गीत तथा उपाध्याय प्रवर पूज्य रविन्द्र मुनि महाराज द्वारा रचित पुस्तक सद्भावनाओं का शिलान्यास श्रमण संघ का लोकार्पण किया गया। उपाध्याय प्रवर रविन्द्र मुनि महाराज ने कहा कि श्रमण संघ की 75वीं वर्षगांठ आत्मचिंतन आत्मजागरण और संगठन को नई दिशा देने का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि लगभग 1,300 संत साध्वीवृंद तप त्याग और धर्म प्रचार के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं तथा अनेक संत साध्वियों ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर आध्यात्म और शिक्षा का उत्कृष्ट समन्वय प्रस्तुत किया है। उपप्रवर्तक आनंद मुनि महाराज ने संगठन की एकता को श्रमण संघ की सबसे बड़ी शक्ति बताया जबकि महासती किरण महाराज ने इसे धर्म संस्कार सेवा और समर्पण का प्रेरक अभियान बताया। महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक संतोष जैन ने मातृशक्ति से बच्चों में धार्मिक संस्कार विकसित करने का आह्वान किया तथा संयोजक विपुल जैन ने युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।