ताजा खबरें
एमएमआरसीएल ने भर्ती घोटालों को लेकर जारी की चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
By Virat baibhav | Publish Date: 17/7/2026 4:00:11 PM
मुंबई। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमआरसीएल) ने अपने नाम पर चल रहे फर्जी भर्ती विज्ञापनों, धोखाधड़ी वाले नौकरी प्रस्तावों और नकली नियुक्ति पत्रों को लेकर लोगों को सावधान किया है। एमएमआरसीएल ने एक सार्वजनिक सूचना जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। एमएमआरसीएल ने बताया कि कुछ धोखाधड़ी करने वाले लोग नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को फर्जी रोजगार के अवसरों का लालच दे रहे हैं। इसके लिए वे कंपनी के नाम से मिलते-जुलते नकली दस्तावेज, फर्जी पहचान और भ्रामक संदेशों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी भर्ती प्रस्ताव और उनसे जुड़ी जानकारियां पूरी तरह फर्जी और अनधिकृत हैं। इनका एमएमआरसीएल से कोई संबंध नहीं है। कंपनी ने कहा कि वह भर्ती प्रक्रिया के लिए किसी भी निजी व्यक्ति, संस्था या तीसरे पक्ष को अधिकृत नहीं करती है और न ही भर्ती के नाम पर किसी तरह का शुल्क या भुगतान लेती है। एमएमआरसीएल ने नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से अपील की है कि वे भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल कंपनी के आधिकारिक माध्यमों से ही करें। कंपनी ने लोगों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान संदेश, ईमेल या वेबसाइट के माध्यम से मिलने वाले नौकरी के प्रस्तावों पर भरोसा न करें एमएमआरसीएल ने कहा कि बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के पंजीकरण शुल्क, आवेदन शुल्क या नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि वे नौकरी के झांसे में आने से बचें और भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए केवल कंपनी द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। कंपनी ने यह भी कहा कि फर्जी भर्ती के जरिए लोगों को ठगने वाले ऐसे मामलों से बचने के लिए जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है।