Saturday,17 January 2026,09:56 PM
ब्रेकिंग न्यूज़
हिमाचल प्रदेश: मानसूनी बारिश से दो सप्ताह में 43 लोगों की मौत, 37 लोग लापतामेडिकल कॉलेज नियामक ढांचे में हेरफेर, सीबीआई ने सरकारी अधिकारियों समेत 34 लोगों पर मामला दर्ज कियाअमेरिका ने वीजा आवेदकों से इस्तेमाल किए जाने वाले सोशल मीडिया मंचों के हैंडल या यूजरनेम मांगेआय से अधिक संपत्ति मामले में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया गिरफ्तारआपातकाल: न्यायमूर्ति सिन्हा ने इंदिरा गांधी को अयोग्य ठहराने के फैसले पर कभी पछतावा नहींकेरल: सत्तारूढ़ एलडीएफ नीलांबुर विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस नीत यूडीएफ के हाथों हाराभारत मध्यस्थता स्वीकार नहीं करेगा, ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान के अनुरोध पर रोका: मोदी ने ट्रंप से कहाभारत के चार स्कूल विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कारों की शीर्ष 10 की सूची में शामिल
शहर
दिल्ली को नशा मुक्त बनाने में महिलाओं की सहभागिता जरूरी: रविन्द्र इंद्राज
By Virat baibhav | Publish Date: 18/7/2025 8:02:24 PM
दिल्ली को नशा मुक्त बनाने में महिलाओं की सहभागिता जरूरी: रविन्द्र इंद्राज

नई दिल्ली। उत्तर दिल्ली जिले में नशामुक्ति अभियान की प्रगति और रणनीति को लेकर शुक्रवार को समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने  समीक्षा बैठक की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नशे पर नियंत्रण का सबसे प्रभावी तरीका है, इसकी रोकथाम है। महिलाओं को नशामुक्ति अभियान से जोडक़र परिवार और समुदाय स्तर पर जागरूकता को नई दिशा दी जा सकती है। जे जे कॉलोनी, झुग्गियों और क्लस्टरों में महिलाओं को जागरूक करें। महिलायें वालंटियर बनकर परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में अहम योगदान दे सकती हैं। रविन्द्र इंद्राज ने कहा कि नशे पर नियंत्रण के लिए केवल कानून का ही नहीं, समाज का सहयोग भी आवश्यक है, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को नशे के आदी होने के लक्षणों, हेल्प लाइन नंबर, डिएडिक्शन सेंटर की जानकारी देकर परिवार और पड़ोस में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित करें। इंद्राज ने बताया कि उन्होंने नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बीट अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है। साथ ही, पुलिस से चयनित डार्क स्पॉट्स की सूची साझा करने और वहां सघन निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि जागरूकता अभियानों को प्रभावी ढंग से चलाया जाए। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स और अन्य दुकानों पर नशीले उत्पादों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने और सार्वजनिक स्थलों जैसे पार्कों व टॉयलेट्स में नशे के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।
समाज कल्याण मंत्री ने छात्रों को नशे से बचाने के लिए स्कूल-कॉलेज परिसरों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और इसकी सख्ती से निगरानी कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत दिल्ली को नशामुक्त बनाने और पुनर्वास सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभागों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत किया जाए। साथ ही, निजी संगठनों के अनुभव, संसाधनों और मानवशक्ति का उपयोग किया जाए। मंत्री ने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों से अपने परिसरों में ‘नशा मुक्ति क्लब’ बनाने और ‘ड्रग फ्री कैंपस’ घोषित करने का आग्रह किया गया है। बैठक में डीएम एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, समाज कल्याण विभाग और इस क्षेत्र में कार्यरत एनजीओ ने अभियान की प्रगति की जानकारी दी। रविन्द्र इंद्राज ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ‘ड्रग फ्री दिल्ली-ड्रग फ्री भारत’ लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर अपना योगदान देने के आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों और संगठनों ने अपने अनुभव साझा किए और विकसित व नशामुक्त दिल्ली के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संयुक्त प्रयासों का संकल्प लिया।
 
COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS