ताजा खबरें
सरदार पटेल ने रखी थी आधुनिक भारत के निर्माण की नींव: बिधूड़ी
By Virat baibhav | Publish Date: 9/11/2025 7:39:26 PM
नई दिल्ली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में देवली विधानसभा क्षेत्र में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च सावित्री बारात घर बांध रोड से आरंभ होकर देवली विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए देशभक्ति के नारों और एकता के संदेशों के साथ डीडीए पार्क पर समाप्त हुआ। मार्च में देशभक्ति का अदम्य उत्साह देखने को मिला। हजारों कार्यकर्ता, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश दिया। मुख्य रूप से भाजपा की जिलाध्यक्षा माया सिंह बिष्ट, मनोनीत निगम पार्षद रोहतास कुमार, स्वाभिमान देश का संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिधूड़ी, पूर्वांचल मोर्चा के वरिष्ठ प्रदेश मंत्री एस राहुल, पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सतपाल सिंघल सहित हजारों स्कूली बच्चे और आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि सरदार पटेल लोकतंत्र के स्तंभ, भारत की सृदृढ़ता के प्रतीक और आधुनिक भारत के निर्माण की नींव रखने वाले लौहपुरुष थे। भारत की स्वतंत्रता के समय देश भर की रियासतों को अखंड भारत का हिस्सा बनाने का दुष्कर कार्य सरदार पटेल ने कर दिखाया। आजादी के बाद नेहरू-गांधी परिवार ने सरदार पटेल को समुचित सम्मान नहीं दिया और 41 वर्ष बाद उन्हें भारत रत्न देने की याद आई। उन्होंने कहा कि प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में ही सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा बनाने का संकल्प ले लिया था जिसे प्रधानमंत्री बनने के बाद पूरा किया और असली उनको असली सम्मान दिया । इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा संप्रभुता की रक्षा करने एवं आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया। जिलाध्यक्ष माया सिंह बिष्ट ने कहा कि सरदार पटेल की सोच में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना सदैव विद्यमान रही। उनका मानना था कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और एकता ही उसकी पहचान है। यूनिटी मार्च के दौरान एक भारत-श्रेष्ठ भारत सरदार पटेल अमर रहें और भारत माता की जय जैसे राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नारों से देवली की गलियां गूंज उठीं। यह कार्यक्रम भारतीय एकता, राष्ट्रीय गर्व और सरदार पटेल की अमर विरासत को समर्पित रहा।