ताजा खबरें
ग्रैप चरण-3 का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई: रेखा गुप्ता
By Virat baibhav | Publish Date: 11/11/2025 8:20:01 PM
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए राजधानी के सभी स्कूलों की पांचवी कक्षा तक की पढ़ाई अस्थायी रूप से हाइब्रिड मोड में संचालित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार पांचवी कक्षा तक के छात्रों की कक्षाएं ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से चलेगी ताकि वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बच्चों को बचाया जा सके। मुख्यमंत्री का स्पष्ट कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य की की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में प्रदूषण की स्थिति को लेकर उच्चस्तयरीय समीक्षा बैठक की और कई अन्य प्रभावी निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री का स्पष्ट कहना है कि प्रदूषण से जुड़ी चुनौतियों का समाधान अब मिशन मोड में और बिना किसी देरी के किया जा रहा है। इस उच्चस्तरीय बैठक में सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित सम्बंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में वायु प्रदूषण के तीन प्रमुख कारणों जैसे वाहन प्रदूषण, बायोमास बर्निंग या खुले में कूड़ा जलाना और धूल प्रदूषण पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश जारी किए कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में सीएक्यूएम द्वारा ग्रेप के चरण-3 लागू किया जा रहा है। इसलिए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा पांचवी तक दिल्ली के स्कूलों को अस्थायी रूप से हाइब्रिड मोड में संचालित किया जाएगा। पांचवीं कक्षा तक के छात्रों की कक्षाएं आवश्यकतानुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आयोजित की जाएंगी ताकि वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बच्चों को बचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए वॉटर स्प्रिंकलर्स, एंटी-स्मॉग गन, मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें, कूड़े के ढेरों का त्वरित निस्तार और निर्माण स्थलों पर वायु प्रदूषण से सम्बंधित नियम जैसी व्यवस्थाएं पहले से सख्ती से लागू हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार मौजूदा प्रदूषण स्थिति को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए मिशन मोड में कार्य कर रही है।