नेशनल
अपाचे हेलीकॉप्टर घटना के बाद अमेरिका का ईरान पर बड़ा हमला, ट्रंप बोले- जवाब देना जरूरी था
By Virat baibhav | Publish Date: 10/6/2026 5:27:46 PM
वॉशिंगटन। अमेरिका ने एक बार फिर ईरान पर हमले शुरू कर दिए हैं। ये हमले एक दिन पहले ईरान के हवाई हमले में अमेरिकी हेलीकॉप्टर अपाचे के मार गिराए जाने के बाद शुरू हुए। यह जानकारी यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दी।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑपरेशन शुरू होने के बाद एबीसी न्यूज से कहा कि ये हमले 'बहुत जबरदस्त और बहुत ताकतवर' थे।सेंटकॉम के मुताबिक, राष्ट्रपति के आदेश पर ये हमले शाम पांच बजे (अमेरिकी पूर्वी समय) यानी 21:00 जीएमटी पर शुरू किए गए।सिन्हुआ न्यूज़ एजेंसी ने ईरानी मीडिया के हवाले से बताया कि अमेरिका की घोषणा के बाद बुधवार तड़के दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास, केशम द्वीप, सिरिक काउंटी और जास्क काउंटी में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं और एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए।अर्ध-सरकारी तसनीम समाचार एजेंसी ने बताया कि सीरिक, केशम द्वीप और दक्षिणी शहर मीनाब में छह धमाकों की आवाजें सुनी गईं। एजेंसी के अनुसार, इन इलाकों पर अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने हमला किया।इससे पहले मंगलवार को ट्रंप ने आरोप लगाया था कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सेना के एक हेलीकॉप्टर को मार गिराया है और अमेरिका इसका जवाब देगा।उन्होंने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में लिखा, "मुझे अभी जानकारी मिली है कि कल रात ईरानियों ने हमारे बेहद उन्नत अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया, जबकि वह होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर गश्त कर रहा था।"ट्रंप ने कहा कि हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने यह भी कहा, "फिर भी, इस हमले का जवाब देना अमेरिका के लिए जरूरी है।"हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, लेकिन दोनों चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया।