नेशनल
अहमदाबाद प्लेन क्रैश की पहली बरसी से पहले जांच में तेजी लाने की मांग, प्रियंका चतुर्वेदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री को लिखा पत्र
By Virat baibhav | Publish Date: 10/6/2026 5:32:34 PM
नई दिल्ली। शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से पिछले साल अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 के क्रैश की जांच में तेजी लाने और जल्द से जल्द फाइनल रिपोर्ट सार्वजनिक करने की अपील की है।मंत्री को लिखे अपने पत्र में प्रियंका चतुर्वेदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के दुख का जिक्र किया और दुर्घटना की पहली बरसी नजदीक आने के कारण जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता की जरूरत पर जोर दिया।प्रियंका चतुर्वेदी ने पत्र में लिखा, "12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 के दुखद हादसे की पहली बरसी आने वाली है, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी। मैं उन पीड़ित परिवारों की बढ़ती चिंता बताना चाहती हूं, जो अभी इस घटना की जांच के अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।"उन्होंने जवाब पाने के लिए पीड़ित परिवारों की लगातार कोशिशों का भी जिक्र किया और पायलट कैप्टन सुमीत सभरवाल के 92 साल के पिता का उदाहरण दिया।उन्होंने कहा, "दिवंगत कैप्टन सुमीत सभरवाल के 92 साल के पिता की हादसे से जुड़े हालात के बारे में साफ जानकारी पाने की लगातार कोशिशें, कई प्रभावित परिवारों के गहरे दुख को दिखाती हैं। उनकी कोशिश सिर्फ जानकारी पाने की नहीं, बल्कि तथ्यों की निष्पक्ष और विश्वसनीय जांच के आधार पर मामले को किसी नतीजे तक पहुंचाने की है।"प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि इस दुखद घटना को एक साल पूरा होने के कारण जांच की प्रगति के बारे में साफ जानकारी देना जरूरी हो गया है।