नेशनल
गाजियाबाद: नौवीं मंजिल से कूदने के बाद तीन बहनों की मौत,ऑनलाइन गेम की लत संबंधी पहलू की जांच
By Virat baibhav | Publish Date: 4/2/2026 11:23:02 PM
गाजियाबाद (उप्र)। गाजियाबाद में मंगलवार देर रात नौवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट की बालकनी से कथित तौर पर कूदने के बाद तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस एक ऑनलाइन कोरियन गेम की लत संबंधी पहलू की भी जांच कर रही है। सहायक पुलिस आयुक्त (शालीमार गार्डन) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ए बहनें ऑनलाइन कोरियन लव गेम की आदी थीं जो टास्क बेस्ड है और बच्चियों के माता-पिता उनके बहुत ज़्यादा गेम खेलने पर आपत्ति जताते थे। कोरियन टास्क-बेस्ड गेम वह गेम है जिसमें खिलाड़ी को लक्ष्य दिए जाते हैं और उसी से वह गेम आगे बढ़ता है। पुलिस उपायुक्त निमिष पाटिल ने बताया कि जांच में पता चला कि लड़कियां कोरियन सामग्री से बहुत अधिक प्रभावित थीं और अपने मोबाइल फोन पर काफी समय बिताती थीं। उन्होंने कहा, परिवारवालों ने पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी, जिससे वे परेशान थीं और संभवत: इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस को मंगलवार देर रात दो बजकर 15 मिनट पर सूचना मिली कि साहिबाबाद इलाके में टीला मोड़ थानाक्षेत्र में भारत सिटी के एक टावर में नौवीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से तीन लड़कियों ने छलांग लगा दी है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि स्थानीय निवासी चेतन कुमार की तीनों बेटियां निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12), भूतल पर गिरी थीं और बुरी तरह से घायल थीं।