Sunday,15 March 2026,07:50 AM
ब्रेकिंग न्यूज़
हिमाचल प्रदेश: मानसूनी बारिश से दो सप्ताह में 43 लोगों की मौत, 37 लोग लापतामेडिकल कॉलेज नियामक ढांचे में हेरफेर, सीबीआई ने सरकारी अधिकारियों समेत 34 लोगों पर मामला दर्ज कियाअमेरिका ने वीजा आवेदकों से इस्तेमाल किए जाने वाले सोशल मीडिया मंचों के हैंडल या यूजरनेम मांगेआय से अधिक संपत्ति मामले में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया गिरफ्तारआपातकाल: न्यायमूर्ति सिन्हा ने इंदिरा गांधी को अयोग्य ठहराने के फैसले पर कभी पछतावा नहींकेरल: सत्तारूढ़ एलडीएफ नीलांबुर विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस नीत यूडीएफ के हाथों हाराभारत मध्यस्थता स्वीकार नहीं करेगा, ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान के अनुरोध पर रोका: मोदी ने ट्रंप से कहाभारत के चार स्कूल विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कारों की शीर्ष 10 की सूची में शामिल
नेशनल
मैं पांच साल तक कर्नाटक का मुख्यमंत्री रहूंगा: सिद्धरमैया
By Virat baibhav | Publish Date: 2/7/2025 4:37:49 PM
मैं पांच साल तक कर्नाटक का मुख्यमंत्री रहूंगा: सिद्धरमैया

चिक्कबल्लापुर। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि वह पांच साल के पूरे कार्यकाल के दौरान पद पर बने रहेंगे। सिद्धरमैया ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और पार्टी की सरकार पांच साल तक चट्टान की तरह मजबूत रहेगी। पत्रकारों ने सिद्धरमैया से सवाल किया कि क्या वह पांच साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे जिसके जवाब में वरिष्ठ नेता ने कहा, हां, मैं रहूंगा। आपको इसमें संदेह क्यों है? राजनीतिक हलकों में, विशेषकर सत्तारूढ़ कांग्रेस में, सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के बीच सत्ता-साझाकरण समझौते का हवाला देते हुए इस वर्ष के अंत में मुख्यमंत्री बदले जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। शिवकुमार ने हालांकि मंगलवार को कहा था कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हो रही और उन्होंने राज्य में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया एवं पार्टी की सरकार के हाथ मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री को बदले जाने संबंधी भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) और जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के नेताओं के दावे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सिद्धरमैया ने कहा, क्या वे हमारे आलाकमान हैं? उन्होंने कहा, आर अशोक (विधानसभा में विपक्ष के नेता) भाजपा के नेता हैं। बी वाई विजएंद्र (भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष) भाजपा के नेता हैं। चलवाडी नारायणस्वामी (विधान परिषद में विपक्ष के नेता) भाजपा के नेता हैं। अगर वे ऐसी बातें करते हैं तो क्या आप लिखेंगे? आपको इसकी पुष्टि करनी चाहिए या नहीं? भाजपा पर सरकार की स्थिरता के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और सरकार पांच साल तक चट्टान की तरह मजबूत रहेगी। उन्होंने कहा, भाजपा पर कोई विश्वास नहीं करता। वे केवल झूठ बोलते हैं। वे झूठ बोलने में माहिर हैं। वे सच बोलना नहीं जानते। ...(कांग्रेस में) हम सब एक साथ हैं। जैसा कि मैंने हाल में मैसुरु में कहा था, हम पांच साल तक सत्ता में रहेंगे। हमारी सरकार चट्टान की तरह मजबूत रहेगी। भाजपा के लोग दिवास्वप्न देख रहे हैं। उन्होंने कहा, वे (भाजपा) करीब चार साल तक सत्ता में रहे और मुख्यमंत्री के तौर पर एच डी कुमारस्वामी के कार्यकाल में जद (एस) के साथ करीब एक साल तक गठबंधन सरकार में रहे। उन्होंने क्या किया? उन्होंने कुछ नहीं किया। वे झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस में मंत्री पद के दावेदारों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान इस पर फैसला करेगा। उन्होंने कहा, लोकतंत्र में हर किसी को मुख्यमंत्री बनने का अधिकार है। (कांग्रेस का) आलाकमान ही आखिरकार फैसला करेगा। हमारी पार्टी में करीब 140 लोग (विधायक) हैं। सिर्फ 34 लोगों को ही मंत्री बनाया जा सकता है। क्या सभी को मंत्री बनाया जा सकता है? इससे पहले, शिवकुमार ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा कि सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर कोई असंतोष नहीं है और जब सिद्धरमैया राज्य के मुख्यमंत्री हैं तो नेतृत्व के मुद्दे पर किसी विवाद की जरूरत नहीं है। मई 2023 में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा थी और कांग्रेस शिवकुमार को मनाने में कामयाब रही तथा उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया। उस समय कुछ खबरें थीं कि क्रमिक मुख्यमंत्री फॉर्मूले के आधार पर समझौता हुआ है जिसके अनुसार शिवकुमार ढाई साल बाद मुख्यमंत्री बनेंगे लेकिन पार्टी द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS