शहर
पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर दिल्ली में मंदिरों, दरगाहों और गुरुद्वारों में पहुंचे बीजेपी नेता
By Virat baibhav | Publish Date: 10/6/2026 8:39:55 PM
नई दिल्ली। केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और कार्यकर्ता राजधानी दिल्ली के सभी धार्मिक स्थलों मंदिर, दरगाहों, गुरुद्वारा में पूजा कर करने पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। देश की राजधानी दिल्ली में अलग-अलग प्राचीन मंदिरों में बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, गिरिराज सिंह धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल समेत तमाम बड़े नेता अलग अलग मंदिरों में पंहुचे। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झंडेवालान देवी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और सांसद बांसुरी स्वराज मां झंडेवाली के दरबार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लम्बे नेतृत्व काल के लिए प्रार्थना करते हुए नजर आए। स्वाति मालीवाल और बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मंदिर मार्ग स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। स्वाति मालिवाल ने कहा है कि आज भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का एक ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने हैं। उधर, रेखा गुप्ता ने किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि और प्रधानमंत्री के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की और गौ सेवा में भी सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सेवा और राष्ट्र गौरव के नए आयाम स्थापित किए हैं। आज केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिक प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं। इस अवसर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक वार्ड से निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री जी के समर्पण को सभी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित किया है। देश की सेवा का सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के दौरान उन्होंने बिना किसी अवकाश के निरंतर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके विजन के कारण ही आज भारत वैश्विक मंच पर सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। महिला मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की पहलों का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की लगभग प्रत्येक योजना के केंद्र में महिला सशक्तीकरण की भावना दिखाई देती है। करोड़ों शौचालयों के निर्माण से महिलाओं को सम्मान मिला, वहीं ‘उज्ज्वला योजना’ ने माताओं और बहनों के जीवन से धुएं की परेशानी दूर कर उनके जीवन को अधिक सुगम बनाया है। साथ ही ‘मुद्रा योजना’, ‘पीएम स्वनिधि’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी दूरदर्शी पहलों के माध्यम से देश की लाखों महिलाओं और युवतियों को उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की आधी आबादी की ओर से वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कोटि-कोटि धन्यवाद करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के अपने लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करेगा। अंत में उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र से प्रेरणा लेकर दिल्ली सरकार भी ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।