नेशनल
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2ए को दी मंजूरी, बनेगा 6 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर
By Virat baibhav | Publish Date: 10/6/2026 4:49:08 PM
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2ए को मंजूरी दे दी है। इस नए चरण के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक 6.032 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस मार्ग पर कुल 5 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें 4 एलिवेटेड (ऊंचाई पर) और 1 भूमिगत स्टेशन शामिल होगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि फेज-2ए के पूरा होने के बाद अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 77.63 किलोमीटर हो जाएगी। इस कॉरिडोर में आश्रम रोड, कोटेश्वर प्राचीन मंदिर, साबरमती रिवर, सरदार नगर और एयरपोर्ट स्टेशन शामिल होंगे।बयान के अनुसार, इस परियोजना की कुल लागत 2,169.04 करोड़ रुपए होगी, जिसमें निर्माण अवधि के दौरान लगने वाला ब्याज (आईडीसी) भी शामिल है। यह परियोजना अहमदाबाद के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।अहमदाबाद मेट्रो का नया फेज शहर के उन आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देगा, जहां फिलहाल सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं सीमित हैं। इसके जरिए यात्रियों को एयरपोर्ट तक सीधे और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।बयान में आगे कहा गया है कि यह कॉरिडोर मौजूदा अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो नेटवर्क से भी जुड़ा रहेगा, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी। साथ ही, भविष्य में वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2029 और कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 जैसे बड़े आयोजनों को देखते हुए आसपास खेल सुविधाओं के विकास की संभावना भी बढ़ेगी।