ताजा खबरें
यूईआर-2 चौराहे पर वर्षों से जारी जाम की समस्या के समाधान की कोशिशें तेज़
By Virat baibhav | Publish Date: 17/7/2025 8:37:35 PM
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सबसे लंबे समय से जामग्रस्त इलाकों में से एक यूईआर-2 और नेशनल हाईवे के इंटरसेक्शन पर ट्रैफिक की गंभीर समस्या को सुलझाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुवार को दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और पर्यावरण मंत्री मंजीन्दर सिंह सिरसा ने संयुक्त रूप से निर्माणाधीन फ्लाईओवर और अंडरपास कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के उन लाखों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा, जो रोजाना इस जंक्शन पर लगने वाले भीषण जाम से जूझते हैं। सालों से हो रहे ट्रैफिक दबाव के चलते समय की बर्बादी, ईंधन की खपत और वायु प्रदूषण में भारी इज़ाफा देखा गया है। उन्होंने कहा कि मैं सभी कंसल्टेंट्स के साथ मिलकर यहां हुए काम की कमियों को जांचने आया हूं। हम इसे दोबारा अध्ययन करेंगे और जो भी कमियां या गैप हैं उन्हें दूर करने का प्रयास करेंगे। दिल्ली की जनता को तात्कालिक नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान चाहिए और हम उसी दिशा में काम कर रहे हैं। यह परियोजना नजफगढ़, द्वारका, रोहिणी और दिल्ली-गुडग़ांव-जयपुर हाइवे (शिव मूर्ति चौराहा) जैसे महत्त्वपूर्ण इलाकों को जोडऩे वाले इस चौराहे पर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करेगी और वैकल्पिक मार्गों पर मौजूद दबाव को भी कम करेगी। वहीं, पर्यावरण मंत्री मंजीन्दर सिंह सिरसा ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदूषण को नियंत्रित करना है, जो भारी ट्रैफिक के कारण लगातार बढ़ता जा रहा है। हम इस प्रदूषण को प्रभावी रूप से कम करने के तरीके खोजने पर काम कर रहे हैं। ऐसे प्रोजेक्ट सिर्फ ट्रैफिक ही नहीं, बल्कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुधारने में भी अहम भूमिका निभाएंगे। दोनों मंत्रियों ने इस परियोजना के समयबद्ध और तकनीकी रूप से सटीक क्रियान्वयन की ज़रूरत पर बल दिया, साथ ही यह सुनिश्चित करने की बात कही कि जनहित को ध्यान में रखकर हर स्तर पर जवाबदेही बनी रहे।