ताजा खबरें
एनडीएमसी को मिला सुपर स्वच्छ लीग सिटी अवार्ड
By Virat baibhav | Publish Date: 17/7/2025 8:42:53 PM
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) को शहरी स्वच्छता और सार्वजनिक सेवा के लिए सुपर स्वच्छ लीग सिटी अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुरुवार को नई दिल्ली के विज्ञान विभाग में आयोजित प्रतिष्ठित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 पुरस्कार समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंदीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा दिया गया। एनडीएमसी की ओर से यह पुरस्कार दिल्ली सरकार के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा और उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया। जानकारी के मुताबिक एनडीएमसी को सुपर स्वच्छ लीग शहर घोषित किया गया है, जो 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में विश्व स्तरीय स्वच्छता,अपशिष्ट प्रबंधन और हरित पहल प्रदान करने में अटूट प्रतिबद्धता, नवाचार और नेतृत्व को मान्यता देता है। एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि यह पुरस्कार स्वच्छता, सेवा मानकों और नागरिक उत्कृष्टता में मानक स्थापित करने के एनडीएमसी के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। मैं अपने कर्मचारियों, विशेषकर सफाई सेवकों को बधाई देता हूं जिनकी अथक मेहनत से हमें यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने भी नई दिल्ली को सबसे स्वच्छ राजधानी बनाने में सहयोग के लिए निवासियों और आगंतुकों का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस सम्मान को प्राप्त करने में समुदाय की सहयोगात्मक भावना महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ नई दिल्ली के अपने दृष्टिकोण की प्राप्ति के लिए स्वच्छता को बनाए रखने और बढ़ाने, हरित आवरण में सुधार लाने और अत्याधुनिक स्वच्छता तकनीकों को अपनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले एनडीएमसी ने दिल्ली की कुछ प्रमुख जगहों को अनुपम कॉलोनी बनने की मुहिम शुरू की थी। इसमें चाणक्यपुरी के डी 1,डी 2,सत्य निकेतन फ्लैट और भारती नगर इलाकों के नाम शामिल हैं।