अहमदाबाद
पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने भावनगर मंडल का संरक्षा निरीक्षण किया
By Virat baibhav | Publish Date: 16/5/2026 4:34:00 PM
भावनगर। पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने दिनांक 14 एवं 15 मई, 2026 को भावनगर मंडल के बोटाद–भावनगर खंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य रेल संरक्षा, परिचालन दक्षता तथा यात्री सुविधाओं की समीक्षा करना था वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दिनांक 14 मई, 2026 को अपर महाप्रबंधक श्री प्रदीप कुमार ने बोटाद से भावनगर परा तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया तथा मार्ग में रेल पथ, सिग्नल एवं अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसी दिन उनके करकमलों द्वारा भावनगर परा में नवनिर्मित टाइप-V रेलवे आवासों (5 इकाइयों) का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक ऋत्विक शर्मा तथा मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात अपर महाप्रबंधक ने भावनगर टर्मिनस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शाखा अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों, संरक्षा उपायों एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही नवनिर्मित मंडल कार्यालय भवन का भी अवलोकन किया। दिनांक 15 मई, 2026 को श्री प्रदीप कुमार ने बोटाद रेलवे स्टेशन का संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर उपलब्ध संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसी दिन उनके करकमलों द्वारा बोटाद में नवनिर्मित रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। निरीक्षण के समय मंडल के संबंधित शाखा अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा भावनगर मंडल में अधोसंरचना विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।