Sunday,06 September 2026,04:58 PM
ब्रेकिंग न्यूज़
सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 की मौत, उपमुख्यमंत्री बोले- 'कई दुकानें की गईं सील'भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच स्टाफ वार्ता का नई दिल्ली में सफल आयोजन, रक्षा एवं समुद्री सहयोग पर हुई चर्चानेपाल बाढ़: मृतकों की संख्या 1,300 के पारयूएस ओपन: नवारो, टाउनसेंड, पेगुला, नोस्कोवा चौथे राउंड मेंएएचएफ जूनियर एशिया कप: भारतीय टीम ने इंडोनेशिया को 14-0 से हरायाखेल और शिक्षा जीवन बदल सकती है, ब्राजील फुटबॉल लीजेंड काफू ने युवा लड़कियों को दी सलाहयूएस ओपन: नवारो, टाउनसेंड, पेगुला, नोस्कोवा चौथे राउंड मेंयूएस ओपन: बेन शेल्टन ने शापोवालोव को और टियाफो ने वचेरोट को हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई
अहमदाबाद
26.80 करोड़ की लागत से भक्तिनगर स्टेशन का कायाकल्प, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
By Virat baibhav | Publish Date: 2/6/2026 3:57:04 PM
26.80 करोड़ की लागत से भक्तिनगर स्टेशन का कायाकल्प, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

 विनीत अभिषेक ने मीडिया प्रतिनिधियों को कराया पुनर्विकसित स्टेशन का अवलोकन
राजकोट। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक ने आज राजकोट मंडल के भक्तिनगर रेलवे स्टेशन पर मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत हाल ही में पूर्ण किए गए पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को स्टेशन परिसर का अवलोकन कराया तथा यात्रियों के लिए विकसित की गई आधुनिक सुविधाओं एवं विभिन्न यात्री सुविधाओं से अवगत कराया। राजकोट शहर के मध्य स्थित भक्तिनगर रेलवे स्टेशन सौराष्ट्र क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यापारिक रेल केंद्र है। यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल ₹26.80 करोड़ की लागत से कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें स्टेशन विकास हेतु ₹11.81 करोड़ तथा फुट ओवर ब्रिज निर्माण हेतु ₹14.99 करोड़ की राशि शामिल है। प्रतिदिन लगभग 4,700 यात्रियों की आवाजाही वाले इस स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। भक्तिनगर स्टेशन पर पूर्ण किए गए प्रमुख कार्यों में प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर कोटा स्टोन फ्लोरिंग तथा प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 पर अतिरिक्त कवर शेड की स्थापना शामिल है। स्टेशन भवन को आधुनिक एसीपी क्लैडिंग के साथ आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है तथा यात्रियों की सुविधा हेतु अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार विकसित किए गए हैं। लगभग 8,600 वर्ग फुट क्षेत्र में स्टेशन भवन का उन्नयन तथा 2,760 वर्ग फुट में विशाल कॉनकोर्स हॉल का निर्माण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए महिला एवं पुरुष यात्रियों हेतु अलग-अलग वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आधुनिक वीआईपी कक्ष एवं उन्नत स्वच्छता सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन परिसर में आधुनिक साइनेज एवं वे-फाइंडिंग प्रणाली स्थापित की गई है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं वेंटिलेशन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन परिसर को हरित एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए लगभग 25,685 वर्ग फुट क्षेत्र में उद्यान एवं परिसंचरण क्षेत्र विकसित किया गया है। यात्रियों के लिए टेन्साइल रूफ पोर्च, चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों हेतु बेहतर पार्किंग व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए समर्पित पार्किंग सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर दिव्यांगजन-अनुकूल रैम्प, टैक्टाइल टाइल्स एवं आधुनिक मॉड्यूलर शौचालयों का निर्माण किया गया है। जल प्रबंधन व्यवस्था के अंतर्गत 1 लाख लीटर क्षमता का भूमिगत जल सम्प तथा 50,000 लीटर क्षमता का ओवरहेड आरसीसी टैंक भी बनाया गया है। भक्तिनगर स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को और अधिक सुगम बनाने हेतु 12 मीटर चौड़े मुख्य फुट ओवर ब्रिज तथा वेरावल दिशा की ओर 3.66 मीटर चौड़े अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों फुट ओवर ब्रिज पर आधुनिक लिफ्टों की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक ने कहा कि “अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भक्तिनगर स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्टेशन पर विकसित की गई नई सुविधाएं यात्रियों की सुगमता, सुरक्षा एवं आराम को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। यह पुनर्विकास न केवल रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि राजकोट एवं सौराष्ट्र क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।
COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS