राज्य
राजकोट रेल मंडल में पेंशन अदालत का सफल आयोजन
By Virat baibhav | Publish Date: 17/6/2026 4:10:54 PM
राजकोट। पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल द्वारा 15 जून 2026 को पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु पेंशन अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राप्त सभी 22 मामलों का तत्काल निस्तारण कर पेंशनरों को बड़ी राहत प्रदान की गई। राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सुनील कुमार मीना ने बताया कि पेंशन अदालत के आयोजन से पूर्व पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों पर अग्रिम कार्रवाई करते हुए कुल 22 मामलों को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया था, जिनका पेंशन अदालत के दौरान संतोषजनक एवं प्रभावी समाधान किया गया। पेंशन अदालत का उद्देश्य पेंशनरों की लंबित समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरिराज कुमार मीना ने उपस्थित वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान किया तथा सभी पेंशनरों एवं पेंशनर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राजकोट मंडल अपने पेंशनरों के कल्याण तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पेंशनरों की समस्याओं पर केवल पेंशन अदालत के दौरान ही नहीं, बल्कि सामान्य कार्य दिवसों में भी समान गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा तथा कार्मिक एवं लेखा विभाग द्वारा उन्हें निरंतर सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा। इस पेंशन अदालत में 24 वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने रेल प्रशासन की इस पहल की सराहना की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में पेंशन अदालत का सफल समापन हुआ। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अमृत सोलंकी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री पवन कुमार मीना सहित कार्मिक एवं लेखा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और आयोजन को सफल बनाया।