अहमदाबाद
राजकोट मंडल ने तैयार किया अतिरिक्त जल निकासी मार्ग
By Virat baibhav | Publish Date: 19/6/2026 3:48:15 PM
राजकोट। यात्रियों की सुरक्षा और रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल ने मानसून पूर्व तैयारियों के तहत एक महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया है। मंडल के द्वारका-भीमराणा खंड में अतिरिक्त जल निकासी मार्ग (पुलिया) का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी। राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सुनील कुमार मीना के अनुसार, मानसून के दौरान अत्यधिक वर्षा होने पर जल प्रवाह बढ़ जाता, है जिससे रेलवे ट्रैक के आसपास जलभराव एवं कटाव जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए मंडल द्वारा द्वारका-भीमराणा खंड में 3 मीटर × 1.8 मीटर आकार के एक अतिरिक्त जल निकासी मार्ग का निर्माण किया गया है। यह अतिरिक्त जल निकासी मार्ग वर्षा जल के प्रवाह को अधिक सुचारु एवं नियंत्रित बनाने में सहायक होगा तथा भारी वर्षा के दौरान पानी की निकासी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा। इस कार्य के पूर्ण होने से ट्रैक पर जलभराव तथा संभावित कटाव (ब्रीच) की आशंका कम होगी और रेलवे संरचनाओं की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, मानसून के दौरान रेल यातायात के सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन में भी मदद मिलेगी। राजकोट मंडल द्वारा मानसून के मद्देनजर संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा संरक्षा संबंधी विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। द्वारका-भीमराणा खंड में निर्मित यह अतिरिक्त जल निकासी मार्ग इन्हीं प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। राजकोट मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरिराज कुमार मीना के अनुसार, राजकोट मंडल यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेल संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। मंडल मानसून के दौरान भी सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।