अहमदाबाद
राजकोट रेल मंडल में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
By Virat baibhav | Publish Date: 21/6/2026 3:54:49 PM
राजकोट। पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सुनील कुमार मीना ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राजकोट स्थित कोठी कंपाउंड रेलवे क्रिकेट स्टेडियम में प्रातः 6:00 बजे से 7:50 बजे तक योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ।विश्व प्रसिद्ध पतंजलि योग समिति, राजकोट केंद्र के योग प्रशिक्षकों श्री गोपाल शर्मा एवं श्री किशोरभाई राठौड़ तथा उनकी टीम के मार्गदर्शन में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान संबंधी अभ्यास कराए गए।इस अवसर पर राजकोट मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरिराज कुमार मीना ने अपने संबोधन में कहा कि योगासन, प्राणायाम और ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए तथा अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि सभी मानसिक एवं शारीरिक रूप से निरामय एवं स्वस्थ रह सकें। सामूहिक योग अभ्यास के इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अमृत वी. सोलंकी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, राजकोट की अध्यक्षा श्रीमती मुकेशी मीना, संगठन की अन्य सदस्याएं, रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट्स एवं गाइड्स, सिविल डिफेंस राजकोट की टीम तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी, अधिकारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।