अहमदाबाद
भावनगर रेलवे मंडल के मंडल कार्यालय एवं विभिन्न स्टेशनों पर योगाभ्यास का आयोजन
By Virat baibhav | Publish Date: 21/6/2026 3:55:49 PM
भावनगर। पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल में 21 जून, 2026 को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मंडल मुख्यालय सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर प्रातः 06:00 बजे सामूहिक योग सत्रों का आयोजन किया गया। भावनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (Yoga for Healthy Ageing) अर्थात “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना है। मंडल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति, भावनगर के योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश वर्मा, पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती शालिनी वर्मा तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री ऋत्विक शर्मा के साथ मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ताड़ासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश वर्मा ने सभी को नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश देते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।