Sunday,06 September 2026,06:00 PM
ब्रेकिंग न्यूज़
सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 की मौत, उपमुख्यमंत्री बोले- 'कई दुकानें की गईं सील'भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच स्टाफ वार्ता का नई दिल्ली में सफल आयोजन, रक्षा एवं समुद्री सहयोग पर हुई चर्चानेपाल बाढ़: मृतकों की संख्या 1,300 के पारयूएस ओपन: नवारो, टाउनसेंड, पेगुला, नोस्कोवा चौथे राउंड मेंएएचएफ जूनियर एशिया कप: भारतीय टीम ने इंडोनेशिया को 14-0 से हरायाखेल और शिक्षा जीवन बदल सकती है, ब्राजील फुटबॉल लीजेंड काफू ने युवा लड़कियों को दी सलाहयूएस ओपन: नवारो, टाउनसेंड, पेगुला, नोस्कोवा चौथे राउंड मेंयूएस ओपन: बेन शेल्टन ने शापोवालोव को और टियाफो ने वचेरोट को हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई
नेशनल
राजकोट मंडल ने रचा इतिहास, एक दिन में माल ढुलाई से कमाए ₹11.22 करोड़
By Virat baibhav | Publish Date: 24/6/2026 4:48:18 PM
राजकोट मंडल ने रचा इतिहास, एक दिन में माल ढुलाई से कमाए ₹11.22 करोड़

20 रेकों की रिकॉर्ड लोडिंग से बना नया कीर्तिमान, पेट्रोलियम, एलपीजी, फर्टिलाइजर, नमक, कंटेनर और सीमेंट लोडिंग ने निभाई अहम भूमिका
राजकोट। पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए 23 जून, 2026 को एक ही दिन में सर्वाधिक माल लदान राजस्व अर्जित करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने उक्त दिन 20 रेकों की लोडिंग कर ₹11.22 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो अब तक का सर्वाधिक दैनिक माल लदान राजस्व है। राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सुनील कुमार मीना के अनुसार, इससे पूर्व 27 दिसंबर, 2024 को राजकोट मंडल ने 14 रेकों की लोडिंग के माध्यम से ₹10.90 करोड़ का राजस्व अर्जित कर उस समय का सर्वोच्च दैनिक माल लदान रिकॉर्ड बनाया था। 23 जून, 2026 को 20 रेकों की लोडिंग के साथ ₹11.22 करोड़ का राजस्व अर्जित कर मंडल ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस रिकॉर्ड उपलब्धि में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी, फर्टिलाइजर, नमक, कंटेनर तथा सीमेंट की लोडिंग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 23 जून को कुल 20 रेकों की लोडिंग में 8 रेक पेट्रोलियम उत्पाद, 3 रेक एलपीजी, 3 रेक फर्टिलाइजर, 3 रेक नमक, 2 रेक कंटेनर तथा 1 रेक सीमेंट की लोडिंग की गई। यह लोडिंग रिलायंस रेल टर्मिनल, नायरा एनर्जी लिमिटेड, गुजरात स्टेट फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (जीएसएफसी), टाटा केमिकल्स लिमिटेड, विंडमिल, लवणपुर, मोरबी तथा श्री दिग्विजय सीमेंट साइडिंग जैसे प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं साइडिंगों से की गई। राजकोट मंडल पश्चिम रेलवे के प्रमुख माल लदान मंडलों में से एक है। क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों, पेट्रोलियम इकाइयों, एलपीजी टर्मिनलों, फर्टिलाइजर संयंत्रों तथा नमक उद्योगों से प्राप्त होने वाले माल यातायात के कारण मंडल का माल परिवहन व्यवसाय निरंतर प्रगति कर रहा है। मंडल द्वारा माल ग्राहकों को त्वरित, बेहतरीन एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजकोट मंडल ने माल ढुलाई से ₹2238.34 करोड़ का राजस्व अर्जित किया था। एक ही दिन में ₹11.22 करोड़ की रिकॉर्ड आय प्राप्त कर मंडल ने अपनी परिचालन दक्षता, व्यावसायिक क्षमता तथा ग्राहक-केंद्रित कार्यप्रणाली का एक और उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे राजकोट मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीडीयू द्वारा माल ग्राहकों के साथ सतत संपर्क, उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित समाधान, नए ट्रैफिक की पहचान तथा माल लदान को बढ़ावा देने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप यह रिकॉर्ड लोडिंग संभव हो सकी। इसके साथ ही वाणिज्य, परिचालन, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, विद्युत तथा अन्य विभागों के अधिकारियों एवं रेलवे कर्मचारियों द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों, रेकों की समयबद्ध उपलब्धता तथा कुशल परिचालन प्रबंधन ने इस उपलब्धि को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राजकोट मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरिराज कुमार मीना ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों एवं रेलवे कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों, बेहतर योजना, माल ग्राहकों के साथ निरंतर संवाद तथा कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजकोट मंडल भविष्य में भी माल ढुलाई के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर पश्चिम रेलवे की राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा। राजकोट मंडल की यह उपलब्धि न केवल उसकी बढ़ती माल परिवहन क्षमता को दर्शाती है, बल्कि राजकोट मंडल के आर्थिक सुदृढ़ीकरण एवं राष्ट्र की लॉजिस्टिक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करती है।
 
COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS