Sunday,06 September 2026,05:13 PM
ब्रेकिंग न्यूज़
सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 की मौत, उपमुख्यमंत्री बोले- 'कई दुकानें की गईं सील'भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नेवी के बीच स्टाफ वार्ता का नई दिल्ली में सफल आयोजन, रक्षा एवं समुद्री सहयोग पर हुई चर्चानेपाल बाढ़: मृतकों की संख्या 1,300 के पारयूएस ओपन: नवारो, टाउनसेंड, पेगुला, नोस्कोवा चौथे राउंड मेंएएचएफ जूनियर एशिया कप: भारतीय टीम ने इंडोनेशिया को 14-0 से हरायाखेल और शिक्षा जीवन बदल सकती है, ब्राजील फुटबॉल लीजेंड काफू ने युवा लड़कियों को दी सलाहयूएस ओपन: नवारो, टाउनसेंड, पेगुला, नोस्कोवा चौथे राउंड मेंयूएस ओपन: बेन शेल्टन ने शापोवालोव को और टियाफो ने वचेरोट को हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई
अहमदाबाद
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पोरबंदर रेलवे स्टेशन का हुआ कायाकल्प
By Virat baibhav | Publish Date: 15/7/2026 4:12:48 PM
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पोरबंदर रेलवे स्टेशन का हुआ कायाकल्प

भावनगर । पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल के अंतर्गत स्थित पोरबंदर रेलवे स्टेशन को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी "अमृत भारत स्टेशन योजना" के अंतर्गत आधुनिक, सुरक्षित एवं यात्री-केंद्रित स्वरूप प्रदान किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन में लगभग ₹7 करोड़ से अधिक की लागत से किए गए व्यापक विकास कार्यों के पश्चात स्टेशन अब आधुनिक अधोसंरचना, उन्नत यात्री सुविधाओं एवं आकर्षक वास्तुशिल्प का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। पश्चिम रेलवे, भावनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए नए अराइवल हॉल, विशाल प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल), आधुनिक शौचालय ब्लॉक, पोर्च, पृथक प्रवेश एवं निकास द्वार तथा चार कवर शेड का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म का विस्तार कर यात्रियों के आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया का समग्र विकास, आकर्षक फेसाड लाइटिंग, आधुनिक साइनेंज, कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड तथा उन्नत पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सूचना एवं सहज यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके। स्टेशन भवन के बाहरी स्वरूप का पूर्ण नवीनीकरण करते हुए उसे आधुनिक एवं सौंदर्यपूर्ण रूप प्रदान किया गया है। साथ ही दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है, जिससे स्टेशन परिसर में यातायात का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हो सके। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सुगम्य भारत अभियान की भावना के अनुरूप दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें दिव्यांग अनुकूल हेल्प बूथ, शौचालय, वाटर बूथ, रैम्प, विशेष टिकट काउंटर, उपयुक्त साइनेज तथा आरक्षित बैठने की व्यवस्था शामिल है, जिससे सभी यात्रियों को समान रूप से सुविधाजनक एवं सम्मानजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध हो सके। महात्मा गांधीजी की जन्मभूमि तथा भगवान श्रीकृष्ण के परम मित्र सुदामा की जन्मस्थली के रूप में विश्वविख्यात पोरबंदर, देश के प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, सिकंदराबाद, तिरुवनंतपुरम, मुजफ्फरपुर सहित अनेक महत्वपूर्ण गंतव्यों से प्रत्यक्ष रेल संपर्क द्वारा जुड़ा हुआ है। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल रही है तथा यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ प्राप्त हो रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पोरबंदर रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास भारतीय रेल की यात्री-केंद्रित, आधुनिक एवं समावेशी अधोसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को साकार करता है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह स्टेशन क्षेत्र के विकास, पर्यटन संवर्धन तथा बेहतर रेल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा।
COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS