राज्य
भावनगर मंडल द्वारा सघन टिकट जांच अभियान में उल्लेखनीय सफलता, अप्रैल 2026 में ₹91.32 लाख का राजस्व अर्जित
By Virat baibhav | Publish Date: 1/5/2026 4:24:04 PM
भावनगर। पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल द्वारा अप्रैल 2026 के दौरान चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। इस अवधि में कुल 11,943 यात्री अनियमित यात्रा करते हुए पाए गए, जिनमें से 5,283 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए। इन सघन जांच कार्रवाइयों से मंडल ने अप्रैल माह में ₹91.32 लाख का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष के अप्रैल माह के ₹77.22 लाख की तुलना में महत्वपूर्ण वृद्धि को दर्शाता है। यह पिछले दो वर्षों में किसी एक माह के दौरान टिकट जाँच की अधिकतम आय है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह उत्कृष्ट प्रदर्शन मंडल की प्रभावी निगरानी व्यवस्था, सतत जांच अभियानों तथा यात्री सेवाओं के सुव्यवस्थित प्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। वित्तीय वर्ष 2025–26 के समग्र प्रदर्शन की बात करें तो भावनगर मंडल ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करते हुए कुल ₹1345.63 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.7% अधिक है।