बड़ी खबर
दिल्ली को स्वदेशी कैपिटल बनाने की पहल
दिल्ली सचिवालय में तीन दिवसीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ
By Viraat Vaibhav | Publish Date: 4/11/2026 8:15:02 PM
दिल्ली सचिवालय में तीन दिवसीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ
नई दिल्ली। दिल्ली को देश की स्वदेशी कैपिटल बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा दिल्ली सचिवालय में तीन दिवसीय स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया है। 4, 5 एवं 6 नवंबर 2026 तक आयोजित यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष तिलक राज कटारिया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने दिल्लीवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वदेशी केवल एक विचार नहीं बल्कि देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय रोजगार को सशक्त बनाने का संकल्प है। कटारिया ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं उद्योग मंत्री एमएस सिरसा जी के उल्लेखनीय योगदान और खादी, स्वदेशी एवं स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी के सपनों को साकार करने की दिशा में इस प्रकार की पहलें मील का पत्थर साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों की पहचान सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रदर्शनी में बंजारा समाज सहित विभिन्न पारंपरिक कारीगरों द्वारा तैयार किए गए खादी हस्तनिर्मित एवं स्वदेशी उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। यह आयोजन इन कारीगरों को बाजार से जोडऩे उनकी कला को पहचान दिलाने और उनकी आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। कटारिया ने इस आयोजन को दिल्ली को स्वदेशी की पहचान दिलाने की दिशा में सफलता की ओर बढ़ता महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसे मेलों का विस्तार दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों और ब्लॉक स्तर तक किया जाना चाहिए ताकि छोटे कारीगरों, उद्यमियों और पारंपरिक शिल्पकारों को व्यापक मंच मिल सके। कार्यक्रम की सफलता में दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य मोहन गोयल एवं कविता राठौड़ तथा बोर्ड के प्रबंध निदेशक डॉ. के. महेश के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कठिन परिश्रम, समर्पण और बेहतर समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कटारिया ने बोर्ड के सभी सदस्यों अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की विशेष सराहना की
कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रालय की टीम द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों की सुंदर एवं शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिए और उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। भारतीय कला संगीत और सांस्कृतिक विरासत की इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम का समां बांध दिया। यह स्वदेशी मेला खादी हस्तशिल्प पारंपरिक कला और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है। दिल्ली को स्वदेशी कैपिटल बनाने का संकल्प स्थानीय कारीगरों को सम्मान और आत्मनिर्भर भारत का सपना इसी दिशा में यह आयोजन एक नई शुरुआत है।