दिल्ली
एक काम देश के नाम का संकल्प लें छात्र: रेखा गुप्ता
By Virat baibhav | Publish Date: 9/6/2025 8:35:54 PM
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को श्याम लाल कॉलेज के षष्टिपूर्ति और 61वें वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सांसद मनोज कुमार तिवारी, विधायक जितेन्द्र महाजन और दिल्ली विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेज प्रोफेसर बलराम पानी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कॉलेज की षष्टिपूर्ति के अवसर पर गणेश मंदिर के पास एक पौधा भी रोपित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कॉलेज के टॉपर्स और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने श्याम लाल कॉलेज की षष्टिपूर्ति के अवसर पर कॉलेज के विकास की सराहना की और अपनी छात्र जीवन की यादों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि जब वे दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा थीं, तब श्याम लाल कॉलेज की स्थिति आज जैसी नहीं थी। उन्होंने कॉलेज के उस दौर को भी याद किया जब यहां का माहौल चुनौतीपूर्ण था। लेकिन आज श्याम लाल कॉलेज ने एक प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में नई ऊंचाइयों को छू लिया है। मुख्यमंत्री ने गर्वपूर्वक बताया कि इस कॉलेज में पढऩे वाले विद्यार्थी आज विधायक बन चुके हैं और स्वयं वे, जो दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा थीं, आज मुख्यमंत्री पद पर हैं। उन्होंने यह उदाहरण देकर यह संदेश दिया कि कठिन परिश्रम, समय और समर्पण से कोई भी विद्यार्थी आगे बढ़ सकता है। उन्होंने आगे कहा कि आज श्याम लाल कॉलेज अपने 60 वर्ष पूरे कर रहा है और समय के साथ इसने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। यह सभी हितधारकों की निष्ठा और परिश्रम का परिणाम है कि यह कॉलेज पूर्वी दिल्ली में दिल्ली विश्वविद्यालय का एक प्रतिष्ठित संस्थान बन चुका है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए उत्तर पूर्वी दिल्ली में एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जैसे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम और यशोभूमि जैसे प्रतिष्ठित केंद्र बनाए हैं, उसी तरह यमुना पार में भी एक ऐसा ऑडिटोरियम बने, जिससे शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय लोगों को लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने श्याम लाल कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज ने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में चाहे वह ग्रीन फेस्टिवल हो, गांवों को गोद लेना हो या टेक्नोलॉजी आधारित आयोजन हो, हर क्षेत्र में इस कॉलेज ने उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आह्वान किया कि कॉलेज के 60 वर्ष पूरे होने पर हर छात्र यह संकल्प ले कि वह एक काम देश के नाम जरूर करेंगे भले ही वह छोटा हो या बड़ा, लेकिन ऐसा काम जरूर करें ताकि समाज और देश के विकास में लाभ मिल सके। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रबी नारायण कर ने समारोह का स्वागत वक्तव्य में कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और कॉलेज की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कॉलेज ने छात्रों के समग्र विकास के लिए शैक्षणिक सुधारों में सक्रिय योगदान दिया है।