Tuesday,13 October 2026,09:32 PM
ब्रेकिंग न्यूज़
धीरुभाई अंबानी ने बदली निवेश की सोचआज तकनीक, डेटा, ज्ञान और नवाचार ही शक्ति के नए स्रोत, 'पावर टू एम्पावर' ही नए युग की सबसे बड़ी ताकत: पीएम मोदीसोनाली बेंद्रे ने छेड़ा शादी का किस्सा, माधुरी दीक्षित बोलीं-इसलिए दिलों का इलाज करने वाले को चुनाअर्जुन बिजलानी ने पत्नी नेहा के साथ काम शो करने के पीछे की बताई वजह, बोले-मस्ती और धमाल होगाउज्जैन के सिंहस्थ कुंभ से इंदौर का महत्व बढ़ेगा : सीएम मोहन यादवब्रिस्बेन ओलंपिक 2032 की सीईओ सिंडी हुक अपना पद छोड़ेंगीमां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने निभाई पारंपरिक रस्मेंबरेली में मुख्यमंत्री योगी ने ग्राम प्रहरियों का किया सम्मान
लाइफस्टाइल
ऐसे समझें अपनी हीमोग्लोबिन रिपोर्ट- ये सिर्फ एक नंबर नहीं, सेहत का बड़ा संकेत है
एनीमिया का स्तर उम्र और वर्ग के अनुसार अलग
By Viraat Vaibhav | Publish Date: 25/9/2026 3:05:12 PM
ऐसे समझें अपनी हीमोग्लोबिन रिपोर्ट- ये सिर्फ एक नंबर नहीं, सेहत का बड़ा संकेत है

हीमोग्लोबिन की जांच के लिए रक्त का नमूना लेते स्वास्थ्यकर्मी।

नई दिल्ली। हीमोग्लोबिन यानी एचबी रिपोर्ट में दर्ज एक संख्या भले ही छोटी लगे, लेकिन यह हमारे स्वास्थ्य के बारे में महत्वपूर्ण संकेत देती है। हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला प्रोटीन है, जो शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। जब शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य से कम हो जाता है, तो इसे एनीमिया कहा जाता है। एनीमिया में थकान, कमजोरी, चक्कर आना, सांस फूलना, सिरदर्द और काम करने में जल्दी थक जाने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए अपनी एचबी रिपोर्ट को समझना और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

एनीमिया का स्तर उम्र और वर्ग के अनुसार अलग

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि एनीमिया का स्तर हर उम्र और वर्ग में एक जैसा नहीं होता। बच्चों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और पुरुषों के लिए हीमोग्लोबिन की सीमा अलग-अलग हो सकती है। 6 से 59 महीने के बच्चों में एचबी का स्तर 10 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर होने पर हल्का एनीमिया, 7 से 9.9 ग्राम/डेसीलीटर होने पर मध्यम और 7 ग्राम/डेसीलीटर से कम होने पर गंभीर एनीमिया माना जाता है। वहीं 5 से 11 वर्ष के बच्चों में 11 से 11.4 ग्राम/डेसीलीटर हल्का, 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया का संकेत होता है। इसी तरह 12 से 14 वर्ष के बच्चों में 11 से 11.9 ग्राम/डेसीलीटर एचबी हल्के एनीमिया, 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया की श्रेणी में आता है। 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं में 11 से 11.9 ग्राम/डेसीलीटर हल्का, 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया का संकेत माना जाता है।

गर्भवती महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग सीमा

गर्भवती महिलाओं के लिए एचबी की सीमा अलग होती है। 10 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर हल्का, 7 से 9.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 7 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया की श्रेणी में आता है। वहीं 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पुरुषों में 11 से 12.9 ग्राम/डेसीलीटर हल्का, 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया का संकेत हो सकता है। हालांकि, केवल एचबी की संख्या देखकर खुद से दवा शुरू करना सही नहीं है। एनीमिया के पीछे आयरन की कमी, विटामिन की कमी, रक्तस्राव, संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए एचबी रिपोर्ट में स्तर कम आने पर डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। साथ ही संतुलित आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, फलियां, आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक सप्लीमेंट शामिल किए जा सकते हैं।

COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS