Saturday,07 November 2026,11:01 PM
विदेश
उत्तरी अफगानिस्तान में शक्तिशाली भूकंप के कारण कम से कम 20 लोगों की मौत
By Viraat Vaibhav | Publish Date: 3/11/2025 3:51:30 PM
उत्तरी अफगानिस्तान में शक्तिशाली भूकंप के कारण कम से कम 20 लोगों की मौत

काबुल। उत्तरी अफगानिस्तान में रविवार देर रात 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया जिससे कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 300 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के खुल्म से 22 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 28 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप स्थानीय समयानुसार रविवार रात 12 बजकर 59 मिनट पर आया। सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया कि भूकंप में कम से कम 20 लोग मारे गए और 320 लोग घायल हो गए। अफगानिस्तान की आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता यूसुफ हम्माद ने बताया कि अधिकतर घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बचाव और आपातकालीन सहायता दल रविवार रात आए भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित बल्ख और समांगन प्रांतों में पहुंच गए हैं तथा उन्होंने घायलों को निकालने और प्रभावित परिवारों की सहायता करने सहित बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बल्ख और समांगन प्रांतों में सबसे अधिक क्षति हुई है। तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि भूकंप ने अफगानिस्तान के बल्ख, समांगन और बगलान प्रांतों को प्रभावित किया, जिससे लोग हताहत हुए और वित्तीय नुकसान हुआ। उन्होंने भूकंप में हुए नुकसान को लेकर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि संबंधित सरकारी संगठन भूकंप से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता पहुंचाने के प्रयास कर रहे हैं।अफगान अधिकारियों के अनुसार, भूकंप उत्तरी बल्ख प्रांत की राजधानी मजार-ए-शरीफ में भी महसूस किया गया।
COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS