ताजा खबरें
आवारा कुत्तों की देखभाल के प्रति कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: महापौर
By Virat baibhav | Publish Date: 31/8/2026 8:21:28 PM
नई दिल्ली। दिल्ली की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने दक्षिणी पूर्वी जोन के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ जोन अध्यक्ष नीतू चौधरी, स्थानीय पार्षद अर्जुन मारवाह, एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार, उपायुक्त डॉ सचिन गुप्ता, अभियंता प्रमुख के के शर्मा सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान महापौर ने विजय कैंप में निर्माणाधीन फिक्सड कॉम्पेक्टर ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण के विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को फिक्स्ड कॉम्पेक्टर को जल्द से जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर महापौर ने निगम आयुक्त के साथ लाजपत नगर स्थित ऐनिमल बर्थ कंट्रोल एबीसी सेंटर का औचक निरीक्षण किया । उन्होंने सेंटर की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा और पशु चिकित्सा अधिकारियों से बात की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सेंटर में बहुत से आवारा कुत्तों की ठीक देखभाल नहीं हो रही है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने निगम आयुक्त को संबंधित संस्था एवं अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वाही ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों का उचित इलाज एवं देखभाल में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉग शेल्टर में पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाए। वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम पशु कल्याण एवं नागरिकों सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों के उचित देखभाल और निगरानी के सख्त निर्देश दिए। प्रवेश वाही ने लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट स्थित पार्किंग के समीप निर्माणाधीन फिक्सड कॉम्पेक्टर को भी यथाशीघ्र पूरा किए जाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि उक्त आधारभूत सुविधाएं अतिशीघ्र जनता की सुविधा के लिए शुरू की जाए। वाही ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कचरा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की बात पर जोर दिया। महापौर वाही ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लाजपत नगर क्षेत्र में स्वच्छता संबंधित सभी विकास कार्यों को सितम्बर माह तक निश्चित रूप से पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने दक्षिणी पूर्वी क्षेत्र के सभी वार्डों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन सभी स्थानों को तत्काल साफ करने के निर्देश दिए जहां से ढलाव बंद कर फिक्स्ड कंपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन में स्थानांतरित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान महापौर प्रवेश वाही ने पार्षद अर्जुन सिंह मारवाह के साथ जांगपुरा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहां निर्मित फिक्स्ड कॉम्पेक्टर का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने सभी अधिकारियों को फील्ड पर तैनात रहकर क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी लंबित कार्यों की गुणवत्ता एवं समय सीमा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।