ताजा खबरें
बेघरों को सर्दी से बचाने के लिए दिल्ली सरकार ने पूरी की तैयारी
By Virat baibhav | Publish Date: 2/12/2025 8:16:11 PM
नई दिल्ली। सर्दियों में बेघरों को सर्दी से बचाने के लिए दिल्ली सरकार ने समुचित तैयारी कर ली है। उनके लिए पर्याप्त मात्रा में रैन बसेरे कार्य कर रहे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि इस बार विंटर एक्शन प्लान के अंतर्गत अधिकारियों को यह भी आदेश दिए गए हैं कि अस्पतालों में मरीजों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल आदि की कमी न होने पाए। मुख्यमंत्री के अनुसार अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि स्कूली बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए विभिन्न संभावनाओं का पता और उन पर अमल किया जाए, ताकि उनके स्वास्थ्य पर विपरित असर न पड़े। मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी/पालना केंद्रों को भी सर्दी से बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने इस बार एक विशेष आदेश यह भी जारी किया है कि सरकारी इमारतों में कार्यरत गार्ड्स को सर्दी को सर्दी से बचाव के लिए हीटर आदि लगाए जाएं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में विंटर एक्शन प्लान की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि सर्दी के दौरान राजधानी के बेघर और निर्धन नागरिकों को सर्दी के मौसम में सुरक्षित आश्रय देने की व्यवस्था कर ली गई है।
लगभग 18 हजार बेघरों के रहने का किया गया इंतजाम
संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में 197 स्थायी रैन बसेरे हैं, जहां लगभग 18 हजार बेघरों के रहने के इंतजाम है। इसके अलावा विभिन्न इलाकों में बेघरों के रहने के लिए 250 अस्थायी रैन बसेरों में से 204 बना लिए गए हैं और वहां पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सभी रैन बसेरे कार्यरत हैं और 15 मार्च तक उनकी पूरी निगरानी की जाएगी ताकि बेघरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री को यह भी बताया गया कि बेघरों की जानकारी व उनकी सुरक्षा के लिए रैन बसेरा ऐप भी काम कर रहा है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है कि कोई भी नागरिक सर्द रातों में खुले आसमान के नीचे न रहे। दिल्ली के ये रैन बसेरे केवल छत नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षा के प्रतीक हैं। प्रत्येक रैन बसेरे में बिस्तर, गद्दे, चादरें, तकिए, कंबल, बिजली, मच्छर नियंत्रण यंत्र, वॉटर कूलर और महिलाओं के लिए सीसीटीवी व सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।