ताजा खबरें
विपक्ष बजट पर तथ्यात्मक चर्चा के बजाय कर रहा निराधार बयानबाजी: सत्या शर्मा
By Virat baibhav | Publish Date: 3/2/2026 8:06:25 PM
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने नेता विपक्ष अंकुश नारंग द्वारा बजट को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। उन्होंने कहा कि बजट जैसे गंभीर विषय पर ठोस सुझाव देने और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने के बजाय नेता विपक्ष ने केवल बयानबाजी और राजनीतिक स्टंटबाजी का सहारा लिया है। सत्या शर्मा ने कहा कि विपक्ष की ओर से न तो निगम की आय बढ़ाने के लिए कोई व्यावहारिक सुझाव दिया गया न ही कर्मचारियों के हित नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर कोई ठोस बात रखी गई। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष ने बजट की वास्तविक विषयवस्तु पर चर्चा करने के बजाय केवल चुनिंदा मुद्दों को उठाकर और भ्रम फैलाने का प्रयास किया। शर्मा ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा स्थायी समिति में प्रस्तुत किया गया बजट पूरी तरह जमीनी वास्तविकताओं पर आधारित है और दिल्ली के नागरिकों की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसमें वित्तीय सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े ठोस प्रावधान शामिल हैं। इसके बावजूद विपक्ष बजट में कोई ठोस कमी नहीं निकाल पाए। सत्या शर्मा ने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं बल्कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का रोडमैप है। विपक्ष यदि सचमुच जनहित चाहता है तो उसे नकारात्मक राजनीति छोडक़र विकासोन्मुख सुझाव देने चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम जनता के हितों कर्मचारियों के अधिकारों और शहर के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और ऐसे निराधार आरोपों से निगम के प्रयासों को कमजोर नहीं किया जा सकता।