Saturday,07 November 2026,10:15 PM
नेशनल
अयोध्या का हर दीप बनेगा देश एवं प्रदेश की समृद्धि का आधार : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम कथा महोत्सव को संबोधित किया
By Viraat Vaibhav | Publish Date: 3/11/2026 6:07:07 PM
अयोध्या का हर दीप बनेगा देश एवं प्रदेश की समृद्धि का आधार : सीएम योगी

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में प्रज्वलित होने वाला एक-एक दीप देश एवं प्रदेश की समृद्धि का आधार बनेगा। जिस अयोध्या में कभी रामभक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं, आज वहां श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा होती है। पांच सौ वर्षों के संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। अब अयोध्या आस्था के साथ विकास का भी केंद्र बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति ने देश में आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा दिया, जबकि सरकार ने संतुष्टिकरण के माध्यम से रामराज्य का मार्ग प्रशस्त किया है। बिना भेदभाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही रामराज्य की अवधारणा है। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को पीलीभीत में ब्रह्मलीन महंत योगी शांतिनाथ की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और नूरानपुर में अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को नमन कर कथा व्यास संत अंजनी शरण और उपस्थित संतों का अभिनंदन किया। 

भारत की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है। उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक भाषा, वेशभूषा और रहन-सहन अलग हैं, लेकिन आस्था और संस्कृति पूरे देश को एक सूत्र में बांधती हैं। दुनिया के करीब 200 देशों की अपनी अलग पहचान और चुनौतियां हैं, जबकि भारत अपनी सांस्कृतिक एकता के कारण विशिष्ट है। उन्होंने कहा कि पांच हजार वर्ष पहले शुकतीर्थ में श्रीमद्भागवत महापुराण का वाचन हुआ था। आज भी देश-दुनिया में उसी श्रद्धा से भागवत कथा होती है। गांव-गांव में रामलीला, श्रीराम कथा और अखंड रामायण पाठ की परंपरा लोगों को भगवान राम के आदर्शों से जोड़ती है। राम का चरित्र जीवन की प्रत्येक चुनौती का समाधान और मर्यादित आचरण की प्रेरणा देता है। 

पांच सौ वर्षों के संघर्ष के बाद आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है

मुख्यमंत्री ने दो नवंबर 1990 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। जय श्रीराम बोलने और रामभक्तों के अयोध्या पहुंचने पर प्रतिबंध था। राम जन्मभूमि की मुक्ति के लिए श्रद्धालुओं ने बलिदान दिया। पांच सौ वर्षों के संघर्ष के बाद आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में संकरी गलियां, गंदगी और बदहाल सड़कें थीं। रेलवे की सिंगल लाइन थी और हवाई सेवा भी नहीं थी। अब चार लेन की सड़कों, बेहतर रेल सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अयोध्या की तस्वीर बदल गई है। हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। 

बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है

उन्होंने बताया कि अयोध्या में प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पर्व-त्योहारों पर यह संख्या पांच लाख से 50 लाख तक पहुंच जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले विकास के लिए आने वाला पैसा इधर-उधर बर्बाद होता था। अब उसी धन से गरीबों का कल्याण और धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है। गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, किसानों को सम्मान निधि और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। 


 

COPYRIGHT @ 2016 VIRAT VAIBHAV. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS