राज्य
125 करोड़ की लागत से भावनगर परा यार्ड रीमॉडलिंग कार्य को मिली मंजूरी
By Virat baibhav | Publish Date: 2/9/2026 5:21:45 PM
भावनगर । यात्रियों को बेहतर, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने तथा भावनगर क्षेत्र में रेल परिचालन क्षमता को और सुदृढ़ करने की दिशा में पश्चिम रेलवे द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। रेलवे बोर्ड द्वारा भावनगर परा यार्ड के व्यापक रीमॉडलिंग एवं उन्नयन कार्य के लिए लगभग ₹125 करोड़ की लागत वाली परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश वर्मा ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद भावनगर क्षेत्र में रेल परिचालन को नई गति मिलेगी। भावनगर टर्मिनस पर परिचालन संबंधी दबाव कम होगा तथा भविष्य में अधिक संख्या में ट्रेनों के संचालन की क्षमता विकसित होगी। इससे ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी परियोजना के अंतर्गत भावनगर परा यार्ड में यात्री सुविधाओं एवं रेल परिचालन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से एक नए प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा तथा मौजूदा प्लेटफॉर्म को चौड़ा किया जाएगा, जिससे यात्रियों के आवागमन में और सुविधा होगी। यात्रियों की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण किया जाएगा तथा मौजूदा फुट ओवर ब्रिज का विस्तार किया जाएगा। स्टेशन परिसर एवं यात्री क्षेत्रों में बेहतर एवं उन्नत यात्री सुविधाओं का विकास किया जाएगा।